होली पर चढ़ा गर्मी का पारा, पश्चिमी राजस्थान में भीषण लू की चेतावनी

जयपुर. राजस्थान में गर्मी (Summer) अपना प्रचंड रूप दिखाने लग गई है. प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान (Temperature) 40 डिग्री और रात का 20 डिग्री सेल्सियस को पार करने लग गया है. मौसम विभाग ने कोटा में हीट वेव और पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, बाड़मेर जैसलमेर और चूरू में सीवियर हीट वेव (Savior heat wave) चलने की चेतावनी दी है. होली के दिन सोमवार को भी गर्मी के तेवर तल्ख रहे. मौसम विभाग के मुताबिक मार्च के अंतिम सप्ताह में ही गत रविवार को बाड़मेर में पारा 42.8 डिग्री को छू गया था. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और फलौदी समेत प्रदेश के सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़ और चूरू में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था. प्रदेश के इन इलाकों में दिन के साथ ही रात के तापमान में भी लगातार इजाफा हो रहा है. लगभग सभी इलाकों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तक पहुंच रहा है.
कई इलाकों में बना हुआ है सामान्य से ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब गर्मी का मौसम पूरी तरह से शुरू हो चुका है. मार्च के अंत में ही प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना हुआ है. इसके चलते गर्मी में अब लगातार बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है.
