मालवा-निमाड़ में फीकी रहेगी रंगपंचमी:

न गेर निकलेगी और न ही सामूहिक आयोजन होंगे; इंदौर में बिना कारण निकले तो पुलिस करेगी सख्ती, वैक्सीनेशन के लिए छूट रहेगी
कोरोना के कारण दूसरे साल भी राजबाड़ा पर इस प्रकार से नजारा नजर नहीं आएगा।
मालवा-निमाड़ में रंगपंचमी पर निकले वाली प्रसिद्ध गेर इस बार नहीं निकलेगी। शुक्रवार को रंगपंचमी के दिन इंदौर, उज्जैन, रतलाम और खंडवा में होली जैसी सख्ती रहेगी। लोग घर में ही त्योहार मना सकते हैं। किसी तरह के सामूहिक आयोजन पर रोक रहेगी। टीका लगवाने के लिए आने-जाने की छूट रहेगी।
इंदौर में बुधवार रात को फिर 618 नए कोरोना मरीज मिले और दो लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। इंदौर में पिछले चार दिनों से लगातार मरीजों का आंकड़ा 600 से ऊपर ही आ रहा है। इन्हें मिलाकर एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 4208 हो गई है। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने स्पष्ट कहा है कि रंगपंचमी त्योहार पर पहले के आदेश अनुसार ही गेर, जुलूस, सार्वजनिक रूप से रंगों को डालना, खेलना, झुंड में घूमना, वाहनों में अनावश्यक रूप से आवाजाही करने की मनाही है। पुलिस रंगपंचमी पर रोकना-टोकना अभियान भी चलाएगी।
रतलाम में रंगपंचमी को लेकर क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की मीटिंग चल रही है। नागपंचमी पर बाजार बंद करने और अन्य सख्ती को लेकर फैसला किया जाना है। वहीं, खंडवा में बाजार तो खुले रहेंगे, लेकिन गेर निकालने और सामूहिक आयोजन पर रोक रहेगी।
45+ को लगने लगा उम्मीदों का टीका:ज्योतिरादित्य सिंधिया ने लगवाई वैक्सीन; प्रदेश भर में 3 हजार केंद्रों पर चल रहा है वैक्सीनेशन
इंदौर में रंगपंचमी पर यहां सख्ती और इन्हें रहेगी छूट
जिला प्रशासन के अनुसार लॉकडाउन जैसी ही सख्ती होगी। आपदा समूह की बैठक के फैसले के अनुसार आदेश जारी हो चुके हैं।
बेवजह आने-जाने पर रोक है, त्योहार अपने घर ही मनाएं। सार्वजनिक आयोजन पर रोक है। भीड़ नहीं लगाएं। इस त्योहार को भी होली की तरह ही घर पर मनाने काे कहा गया है।
यात्रियों के आने-जाने पर छूट है। अस्पताल व जरूरी काम से आ-जा सकते हैं। अन्य कारण से जाने पर पुलिस 144 का उल्लंघन मानेगी।
दूध, दवा जैसी अनिवार्य सेवा चालू रहेगी। इन पर किसी तरह की रोक नहीं है।
इंदौर में अभी शाम 6 बजे से कर्फ्यू नहीं
कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि अभी शाम 6 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने को लेकर किसी प्रकार से कोई विचार नहीं किया गया है। सरकार का यही कहना है कि कमर्शियल और औद्योगिक गतिविधि प्रभावित नहीं होनी चाहिए। यदि कोई प्रोटोकाॅल का पालन नहीं करेगा तो उस पर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि शाम को उसे छोड़ दिया जाएगा। हमारी कोशिश है कि किसी की रोजी-रोजी नहीं रुके।
माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने की तैयारी
कलेक्टर ने कहा कि लगातार बढ़ने मरीजों की संख्या को देखते हुए माइक्रो केंटेनमेंट जोन बनाने की तैयारी की जा रही है। इसमें उन क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। जहां पर लगातार केस बढ़ रहे हैं। हालांकि इसका स्वरूप छोटे स्तर पर होगा। मेरा यही कहना है कि मास्क लगाएं और वैक्सीनेशन अवश्य करवाएं।
इंदौर में अब 3 दिन वैक्सीनेशन महोत्सव
शहर में 3 दिनों का वैक्सीनेशन महोत्सव शुरू हो गया है। इसे लेकर कलेक्टर मनीष सिंह ने सभी निजी अस्पतालों के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। रंगपंचमी पर भी सभी अस्पतालों में वैक्सिन लगाई जाएगी, किसी को रोका नहीं जाएगा। वहीं, सभी निजी अस्पताल कॉलोनी/ क्षेत्रों/ टाऊनशिप में कैंप के माध्यम से वैक्सीनेशन को गति दें। कलेक्टर ने बताया कि हमारे पास वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। लिस्ट के अनुसार नागरिक स्वेच्छा से अपने नजदीकी अस्पताल में जाकर टीकाकरण करा सकते हैं।
