महापौर की उपस्थिति में पन्द्रह ब्लाक में प्रारंभ हुआ वैक्सीनेशन सेंटर

कोरबा महापौर राजकिशोर प्रसाद की उपस्थिति में आज पन्द्रह ब्लाक स्वास्थ्य सुविधा केन्द्र में वैक्सीनेशन सेंटर प्रारंभ किया गया। महापौर श्री प्रसाद ने इस मौके पर आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्राथमिकता क्रम में 45 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों का किए जा रहे वैक्सीनेशन हेतु अधिक से अधिक लोगों को प्रोत्साहित करें तथा पात्रतानुसार अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों को वैक्सीन लगवाएं।
शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकता क्रम में वैक्सीनेशन का कार्य लगातार जारी है, जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सुविधा हेतु वैक्सीनेशन सेंटरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में आज टी.पी.नगर जोनांतर्गत अमृत पैलेस के सामने स्थित पन्द्रह ब्लाक स्वास्थ्य सुविधा केन्द्र में महापौर राजकिशोर प्रसाद की विशेष उपस्थिति में वैक्सीनेशन सेंटर प्रारंभ किया गया। इस मौके पर महापौर श्री प्रसाद ने वैक्सीन लगवाने हेतु सेंटर में पहुंचे नागरिकें को बधाई व शुभकामनाएं दी तथा आमजन से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को सम्पूर्ण रूप से खत्म करने के लिए वैक्सीनेशन अनिवार्य है, अतः शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकता क्रम में अपना व अपने परिवारजनों का वैक्सीनेशन अवश्य कराएं, अपने परिचितों, पड़ोस, बस्ती, मोहल्ले में रह रहे लोगों के वैक्सीन लगवाने हेतु प्रोत्साहित करें।
वैक्सीनेशन सेंटर के शुभारंभ अवसर पर सेंटर की प्रथम हितग्राही के रूप में श्रीमती गुलजारी यादव को वैक्सीन लगाई गई। इस अवसर पर जोन कमिश्नर ए.के.शर्मा, डॉ.संजय तिवारी, मितानिन सविता आदित्य, शांति साहू, अनिता यादव, संजू साहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
