जबलपुर में बेटा कार में लेकर भटकता रहा, इलाज न मिलने से बुजुर्ग महिला की मौत

टेस्ट कराने वाला भोपाल का पांचवां और इंदौर का हर छठवां आदमी पॉजिटिव; जबलपुर में बेटा कार में लेकर भटकता रहा, इलाज न मिलने से बुजुर्ग महिला की मौत
वृद्ध मां को लेकर पूरे शहर में घूमा, नहीं मिला इलाज।
मध्य प्रदेश में कोरोना हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है। सोमवार को मप्र में 3398 नए संक्रमित मिले हैं। बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे शहरों में भी मरीज तेजी से सामने आ रहे हैं। 24 घंटे में सभी 52 जिलों में 50 से ज्यादा एक्टिव केस हो गए हैं। जबलपुर में कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की इलाज न मिलने के कारण मौत हो गई। बेटा कार में उसे लेकर अस्पतालों के चक्कर लगाता रहा, लेकिन उसे भर्ती नहीं किया गया। इंदौर, भोपाल और जबलपुर में मौतों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। हेल्थ बुलेटिन में मृतकों की संख्या कम बताई जा रही है, जबकि मुक्तिधामों में अंतिम संस्कार के लिए कोविड शव ज्यादा आ रहे हैं।
मध्य प्रदेश एक दिन पहले ही देश का 7वां सबसे संक्रमित राज्य बन गया है। अब उससे ऊपर महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उप्र, दिल्ली और तमिलनाडु हैं। एक्टिव केस 22654 हो गए हैं। यही रफ्तार रही तो एक महीने में करीब 80 हजार केस बढ़ जाएंगे। वहीं, राज्य में हर दिन 30 हजार सैंपल जांचें जा रहे हैं।
भोपाल: हर दिन नया रिकॉर्ड, मौतों का सही आंकड़ा नहीं
भोपाल में रिकॉर्ड 582 नए संक्रमित मिले। यहां एक्टिव केस 4495 हो गए हैं। संक्रमण दर 20 फीसदी पर है। टेस्ट कराने आने वाला हर पांचवां व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिल रहा है। भोपाल में सोमवार को 17 लोगों का अंतिम संस्कार हुआ, जो कोरोना पॉजिटिव थे। वहीं सरकारी रिकॉर्ड में सिर्फ दो मौत दर्ज हैं। सरकार पर मौतों के आंकड़े छिपाने के आरोप लग रहे हैं। इस पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हम सौ फीसदी गारंटी नहीं देते कि हमारे द्वारा बताए गए आंकड़े एकदम सही ही होंगे, क्योंकि अब अस्पतालों की संख्या बढ़ गई और हमें सभी अस्पतालों में कोविड से होने वाली मौतों का पूरा आंकड़ा नहीं मिल पा रहा है।
इंदौर: एक्टिव केस 5875, रिकॉर्ड 805 केस मिले
प्रदेश में सबसे ज्यादा मरीज इंदौर में ही मिल रहे हैं। हर रोज आंकड़े बढ़ते ही जा रहे हैं। यहां पर 805 मरीज मिले, जो अब तक का सबसे अधिक है। हर 6वां सैंपल पॉजिटिव आ रहा है। एक्टिव केस 5675 हैं। यहां भी मौतों की संख्या को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। शहर के पांच मुक्तिधामों में 24 घंटे में 25 कोरोना मृतकों के अंतिम संस्कार किए गए, जबकि चार दिन में हेल्थ बुलेटिन में 12 मौत ही बताई गई हैं।
जबलपुर: पहली लहर का रिकॉर्ड टूटा, कार में ही दम तोड़ा
सोमवार को एक वृद्धा इलाज नहीं मिलने की वजह से दम तोड़ गई। वृद्धा को लेकर उसका बेटा कार से अस्पताल दर अस्पताल घूमता रहा, लेकिन एक भी अस्पताल ने वृद्धा को भर्ती नहीं किया। आखिर में कार में ही उसने दम तोड़ दिया। वृद्धा का अंतिम संस्कार चौहानी श्मशान घाट में किया गया। वहीं, सोमवार को 1812 सैँपल की जांच में 257 संक्रमित मिले। एक मरीज की मौत भी हुई है। एक दिन में अब तक इतने मरीज कभी नहीं आए थे। पहली लहर में सितंबर 2020 में संक्रमितों का आंकड़ा 251 था।
ग्वालियर: लगातार 6वें दिन कोरोना 100 पार
लगातार 6वां दिन है जब कोरोना संक्रमितों ने शतक मारा है। सोमवार को 1403 सैंपल की रिपोर्ट में से 160 कोरोना पॉजिटिव आए हैं, जबकि एक की मौत भी हुई है। सोमवार 50 सैंपल की रिपोर्ट दिल्ली भेजी गई है। इससे कोरोना के नए वायरस स्ट्रेन का पता लगाया जा सके। बीते 6 दिन में 760 के लगभग संक्रमित मिल चुके हैं। एक्टिव केस 992 हो गए हैं।
आज से 24 घंटे के लिए खुले आसमान के नीचे चलेगा CM का दफ्तर
CM शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन को लेकर जागरूकता जगाने भोपाल में 21 किमी की परेड की। अब मंगलवार को ‘स्वास्थ्य आग्रह’ करेंगे। दोपहर 12:30 बजे से अगले 24 घंटे तक भोपाल के मिंटो हॉल में बनी गांधी प्रतिमा के पास खुले आसमान के नीचे बैठेंगे। यहीं से सरकार के सभी काम करेंगे। बता दें कि प्रदेश में शायद पहली बार होगा, जब सरकार खुले मैदान से चलेगी।
