प्रयागराज पुलिस ने पशु तस्करों को दबोचा, बम भी किए बरामद

प्रयागराज । प्रयागराज में पुलिस ने पशु की तस्करी वाले शातिरों को दबोचा है। साथ ही नवाबगंज पुलिस ने उनके पास से बम भी बरामद किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि एक आरोपित नवाबगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। कहा जा रहा है कि पुलिस गिरफ्तारी के वक्त भी इनका आपराधिक इतिहास न बताकर अप्रत्यक्ष रूप से बचाने की कोशिश कर रही है। ऐसा कुछ लोगों का कहना है। जानकारी के मुताबिक, एक आरोपित सिपाही की मौत के मामले में मुल्जिम बनाया गया था, मगर यह जानकारी सार्वजनिक करने में नवाबगंज पुलिस परहेज कर रही है। एसपी गंगापार धवल जायसवाल को गिरफ्तार अभियुक्तों की पूरी करतूत और क्रिमिनल हिस्ट्री नहीं बताई गई। चर्चा है कि इन आरोपितों को पहले छोडऩे के लिए नवाबगंज पुलिस ने प्लान भी बना लिया था, लेकिन उच्चाधिकारियों के पूछताछ करने के बाद गिरफ्तारी तो दिखाई मगर कई करतूतें दबा दी गईं। दरअसल नवाबगंज पुलिस ने चफरी गांव निवासी मो. अशरफ पुत्र छोटे को पांच बम के साथ दारोगा आशीष सिंह, रामकुमार सिंह व सिपाही रितेश राय ने गिरफ्तार किया। जबकि चफरी गांव के ही मुजफ्फर पुत्र स्व मुख्तार को दारोगा प्रदीप कुमार सिंह, आशीष सिंह व सिपाही रितेश राय ने किसी तरह पकड़ा था। नवाबगंज पुलिस की ओर जारी प्रेस नोट में अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास नहीं दिखाया गया।
