लखनऊ में 70 हजार कुत्तों की होगी नसबंदी, हर कुत्ते पर 999 रुपए आएगा खर्च

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) में कुत्तों (Dogs) की जनसंख्या बढ़ने से मचे हड़कंप के बाद नगर निगम, लखनऊ (Lucknow Nagar Nigam) ने कुत्तों की नसबंदी (Sterilization) के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी है. अब लखनऊ नगर निगम अभियान चलाकर कुत्तों की नसबंदी करेगा. अभियान के तहत लखनऊ नगर निगम क्षेत्र के 70 हजार कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए सर्वसम्मति से बजट भी पास किया गया है. इसमें हर कुत्ते की नसबंदी के लिए 999 रुपए का खर्च तय किया गया है.
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत 70 हज़ार कुत्तों की नसबंदी के प्रस्ताव को पास करते हुए, इसे मिशन मोड़ पर कराने का आदेश उच्च अधिकारियों को दिया गया है. इस प्रस्ताव से आतंक का पर्याय बन चुके आवारा कुत्तों से शहर की जनता को निजात मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है. नगर निगम की बोर्ड बैठक में आवारा कुत्तों की धरपकड़ और नसबंदी के लिए सर्वसम्मति से बजट पास हुआ. निगम अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पर मिशन मोड़ पर काम शुरू कर दिया जाएगा.
जल्द शुरू होगा अभियान
नगर निगम की बोर्ड बैठक के दौरान सभी पार्षदों ने एक स्वर में शहर के लिए आतंक बने आवारा कुत्तों का मुद्दा प्रमुखता के साथ उठाया. महापौर संयुक्ता भाटिया व नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने आवारा कुत्तों की धरपकड़ और नसबंदी के लिए नगर निगम का बजट 999 प्रति कुत्ते की नसबंदी के लिए जारी कर पहले फेस में 70 हज़ार कुत्तो की नसबंदी का प्रस्ताव पास कर दिया. नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इस पर काम भी शुरू कर दिया जाएगा.
