सिद्धार्थनगर: 24 अप्रैल से भारत-नेपाल सीमा पर पूरी तरह से सील, पैदल आवाजाही पर भी रोक

सिद्धार्थनगर. भारत-नेपाल (Indo-Nepal) के सुरक्षा एजेंसियों ने बढ़ते कोरोना (COVID-19) और त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत चुनाव (UP Panchayat Chunav) को लेकर बैठक की, जिसमें भारत की तरफ से 50वीं वाहिनी एसएसबी एवं नेपाल पुलिस ने बीओपी पर सुरक्षा को लेकर मीटिंग की गई. इस बैठक में 24 अप्रैल से भारत नेपाल सीमा पर पूरी तरह से आवाजाही को‌ रोकने का निर्णय लिया गया है.एसएसबी 50वीं वाहिनी के महादेव बुजुर्ग बीओपी पर दोनों देशों के सुरक्षा एजेंसियों की बैठक हुई. दोनों देशों ने माना की कोविड-19 के प्रोटोकॉल को फॉलो करना अत्यंत आवश्यक है. इसके अलावा भारत में हो रहे त्रिस्तरीय ग्राम पंचायत चुनाव में सुरक्षा के मद्देनजर और किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचने के लिए दोनों देशों के बीच आपसी तालमेल बेहद आवश्यक है.

पैदल आवाजाही पर भी रोक
कार्यवाहक सेनानायक विक्रमजीत ने कहा कि बिना दोनों देशों के सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर तालमेल के पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराना थोड़ा मुश्किल है. इसके लिए आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा. वहीं, पुलिस उपाधीक्षक (CO) प्रदीप कुमार ने कहा है कि 24 अप्रैल से से ही भारत नेपाल के सीमा में पूरी तरह से सील कर दी जाएंगी और पैदल आवाजाही पर भी रोक लगा दी जाएगी. इसके अलावा परंपरागत एवं गैर परंपरागत मार्गों पर सुरक्षा जवानों की विशेष नजर रहेगी.

एसएसबी और आबकारी की टीम ने बॉर्डर पर किया गश्त 
भारत-नेपाल के बढ़नी सीमा पर एसएसबी एवं आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से गश्त किया. पंचायत चुनाव की तैयारियों को देखते हुए एसएसबी एवं आबकारी विभाग ने इंडो नेपाल बॉर्डर पर गश्त किया. इस दौरान सीमाई क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षा का एहसास कराया. सीमा क्षेत्रों में रह रहे लोगों से अपील भी की कि किसी भी प्रकार की अवैध एवं संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को जानकरी दें, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाले किसी भी राष्ट्र एवं समाज विरोधी गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके.

Leave a Reply