Lucknow News: एडीजे समेत दो दर्जन वकील हुए कोरोना संक्रमित, 18 अप्रैल तक जिला कोर्ट बंद

लखनऊ. राजधानी लखनऊ (Lucknow) में तेजी से फ़ैल रहे कोरोना संक्रमण (Corona Infection) ने अब जिला कोर्ट (District and Sessions Court) को भी अपने चपेट में ले लिया है. एक एडीजे और तीन न्यायिक कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद जिला कोर्ट को मंगलवार से 18 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिया गया है. जिला जज लखनऊ के आदेश पर कोर्ट को सैनिटाइज़ेशन के लिए बंद किया गया है. बता दें अब तक दो दर्जन वकील भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. कोर्ट के बंद होने की वजह से 13, 14, 15, 16, 17 अप्रैल को जमानत अर्जियों की सुनवाई अब 20, 22, 23, 26 और 27 अप्रैल को होगी.

बता दें इलाहबाद हाईकोर्ट में भी कई न्यायिक कर्मचारी और वकील भी संक्रमित पाए गए हैं. उधर मथुरा जनपद में तकरीबन आधा दर्जन न्यायिक अधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. इसके बाद जिला न्यायाधीश ने मंगलवार को जनपद के सभी न्यायालय बंद रखने के आदेश दिए हैं. चूंकि अगले दिन बुधवार को आंबेडकर जयंती के चलते अवकाश रहेगा, इसलिए सभी न्यायालय पुनः 15 अप्रैल को ही खुलेंगे. गौरतलब है कि मथुरा में इन दिनों कोरोना वायरस तेज रफ्तार से फैल रहा है. एक सप्ताह से ज्यादा समय से जनपद में प्रतिदिन सौ से अधिक नये मामले सामने आ रहे हैं. रविवार को तो यह आंकड़ा पौने दो सौ के करीब पहुंच गया था. वहीं, सोमवार को 129 नये मामले सामने आये थे.

यूपी में तेजी से फैल रहा संक्रमण
गौरतलब है कि प्रदेश में भी कोरोना की दूसरी लहर का कहर देखने को मिल रहा है. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 13 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मरीज मिले. सबसे ज्यादा असर लखनऊ में देखने को मिल रहा है. यहां 3800 से अधिक संक्रमित मरीज मिले हैं अबकी 21 लोगों की मौत हुई है.

Leave a Reply