राजस्थान विधानसभा उपचुनाव: केन्द्रीय मंत्री शेखावत बोले- नतीजों से उड़ेगी सीएम गहलोत की नींद

जयपुर. राजस्थान की 3 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव (Rajasthan assembly by-election) के चुनाव प्रचार में पहुंचे केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने प्रदेश सरकार को कानून व्यवस्था की स्थिति और बाड़ेबंदी पर जमकर घेरा. शेखावत ने कहा कि यह कुंभकरण की नींद में सोने वाली सरकार है जहां भ्रष्टाचार का दीमक तंत्र को खोखला कर रहा है और कानून व्यवस्था की स्थिति तार तार हो चुकी है.

केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बारां में सांप्रदायिक हिंसा, राज्य में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर राजस्थान सरकार पर तीखा हमला बोला है. प्रदेश की उप चुनाव वाली सीटों पर प्रचार करने पहुंचे शेखावत ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री सो रहे हैं और राज्य जल रहा है. विचलित करते दृश्य बारां जिले के छबड़ा में साक्षात देखने को मिले. स्थिति चिंताजनक है. शेखावत ने कहा कि मामूली कहासुनी के बाद चाकू से हमला और फिर उस विवाद का थोड़े से समय में सांप्रदायिक हिंसा में बदल जाना राजस्थान की दुर्दशा का एक और चित्र है.

भ्रष्टाचार का दीमक सरकारी तंत्र को खोखला कर चुका है
भ्रष्टाचार के बढ़ते मामलों पर शेखावत ने कहा कि गहलोत सरकार में शासन से लेकर प्रशासन तक भ्रष्टाचार का दीमक सरकारी तंत्र को खोखला कर चुका है. चार महीनों के भीतर जिला पुलिस अधीक्षक और जिला कलक्टर समेत राज्य प्रशासनिक सेवा के पांच अधिकारियों को भ्रष्टाचार के मामलों में लिप्त पाया गया है. सत्तारूढ़ पार्टी के वरिष्ठ विधायक अपने ही मंत्री पर अवैध खनन के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से उन्हें बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं. उनकी मांग पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई ?
राज्य की कानून-व्यवस्था तार-तार

राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान की कानून-व्यवस्था तार-तार होकर बिखर चुकी है. अपराधी पुलिस पर भी गोलियां चलाने से नहीं चूक रहे हैं. भीलवाड़ा के कोटडी क्षेत्र में तस्करों की फायरिंग में दो वीर पुलिस जवानों की शहादत का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख पहुंचा और राज्य सरकार के प्रति रोष भी उपजा. वीरगति को प्राप्त ओंकार रेबारी और पवन चौधरी के हम ऋणी रहेंगे.

बंगाल में दीदी जाएगी, राजस्थान में कमल खिलेगा
सुजानगढ़ की जनसभा में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कहा कि 2 मई को पश्चिम बंगाल में दीदी जाएगी और यहां सुजानगढ़ समेत तीनों सीटों में कमल खिलने पर सीएम अशोक गहलोत की नींद उड़ जाएगी. राजस्थान सरकार को कुंभकरण की नींद सोने वाली सरकार बताते हुए शेखावत ने कहा कि ढाई साल से राज्य में भय, भूख और भ्रष्टाचार का तांडव हो रहा है. राज्य की जनता इन उपचुनावों के माध्यम से संदेश देना चाहती है, जाग जाओ, वरना जनता उखाड़ कर फेंकने वाली है.

Leave a Reply