कोरोना गाइडलाइन्स का उल्लंघन करने पर नोएडा में 2172 लोगों का कटा चालान

नोएडा. कोविड-19 (COVID-19) के नियमों का उल्लंघन करने तथा बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों पर घूमने पर गौतम बुद्ध नगर पुलिस (Gautam Buddha Nagar Police) ने सोमवार को 2172 व्यक्तियों का चालान किया एवं उनसे 2,17,200 रुपये का जुर्माना वसूला है. पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार (Pankaj Kumar) ने बताया कि आज 1,624 वाहनों का चालान करते हुए कुल 1,59,900 रुपये शमन शुल्क वसूला गया है. उन्होंने बताया कि पांच वाहनों को जब्त किया गया है. मीडिया प्रभारी ने बताया कि 91 व्यक्तियों के विरुद्ध भादंसं की धारा 188 के अंतर्गत कार्यवाही करते हुए कुल 28 अभियोग पंजीकृत किये गये. उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर बिना मास्क पहने घूम रहे 2,172 लोगो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे 2,17,200 रूपए का जुर्माना वसूला गया.
वहीं, कुछ देर पहले खबर सामने आई थी कि उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में तकरीबन आधा दर्जन न्यायिक अधिकारी (judicial officer) कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. इसके बाद जिला न्यायाधीश ने मंगलवार को जनपद के सभी न्यायालय बंद रखने के आदेश दिए हैं. चूंकि अगले दिन बुधवार को आंबेडकर जयंती के चलते अवकाश रहेगा, इसलिए सभी न्यायालय पुनः 15 अप्रैल को ही खुलेंगे. गौरतलब है कि मथुरा में इन दिनों कोरोना वायरस (Corona virus) तेज रफ्तार से फैल रहा है. एक सप्ताह से ज्यादा समय से जनपद में प्रतिदिन सौ से अधिक नये मामले सामने आ रहे हैं. रविवार को तो यह आंकड़ा पौने दो सौ के करीब पहुंच गया था. वहीं, सोमवार को 129 नये मामले सामने आये थे.
सभी न्यायालय मंगलवार को बंद रहेंगे
इसी के चलते श्रीकृष्ण जन्मस्थान से संबंधित ठा. केशवदेव प्रकरण की सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी. बताया जा रहा है कि अब अगली सुनवाई की तारीख 28 अप्रैल तय की गई है. इस संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार जनपद न्यायाधीश यशवंत कुमार मिश्र ने कई न्यायिक अधिकारियों के कोरोना संक्रमण की चपेट में आ जाने के कारण 13 अप्रैल को न्यायालय बंद रखने के निर्देश दिए हैं. जिसके कारण जनपद स्तरीय एवं छाता तहसील स्थित सभी न्यायालय मंगलवार को बंद रहेंगे.
