COVID-19: जोधपुर में संक्रमण की दर पहुंची 26.27 फीसदी, भयावह होते जा रहे हैं हालात

जोधपुर. सनसिटी जोधपुर शहर में कोरोना संक्रमण (Corona infection) ने अपनी रफ्तार और तेज कर दी है. जोधपुर (Jodhpur) में संक्रमण की दर 26.27 फीसदी तक पहुंच चुकी है. संक्रमण की स्पीड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 13 दिन पहले इसकी दर चार फीसदी थी. जिले में सोमवार को एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है. यहां सोमवार को जहां 628 नए पॉजिटिव केस सामने आये हैं वहीं 3 लोग इस महामारी के चलते अकाल मौत के शिकार हो गये.

सीएमएचओ की रिपोर्ट के अनुसार जोधपुर शहर में कोरोना संक्रमण का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. शहर के अस्पतालों में जल्द ही न्यू बेड की स्थिति सामने आने वाली है. गत 12 दिनों की बात करें तो शहर में 4288 मरीज पाये जा चुके हैं. इस अवधि में 18 मरीजों ने कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया है.

आईआईटी में 9 और स्टूडेंट्स कोरोना पॉजिटिव

जोधपुर आईआईटी में भी फैला कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है. यहां अप्रैल के शुरुआती 4 दिनों में 65 आईआईटी स्टूडेंट और टीचर्स में कोरोना संक्रमित पाये गये थे. सोमवार की रिपोर्ट में 9 और स्टूडेंट कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. प्रशासन ने आईआईटी जोधपुर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर रखा है.

ये है जोधपुर के हालात

जोधपुर में फैल रहे संक्रमण को देखते 37 केंटेनमेंट जोन बनाये जा चुके हैं. ग्रामीण इलाकों में गत तीन दिन से वैक्सीनेशन का काम बंद है. शहर में भी कल शाम को कोरोना वैक्सीन खत्म हो गई. उसके बाद रात को यहां 40 हजार डोज पहुंची है. वैक्सीन का यह कोटा भी आज और कल तक ही चल पायेगा. उल्लेखनीय है कि जोधपुर कोरोना की पहली लहर में भी इसका हॉट स्पॉट बन गया था. उसके बाद अब दूसरी लहर में भी यहां के हालात दिन-प्रतिदिन खराब होते जा रहे हैं.
 

Leave a Reply