पटना के हनुमान मंदिर में इस बार भी नहीं मिलेगी एंट्री, कोरोना बना कारण

पटना । पटना में 13 अप्रैल से चैत्र नवरात्र के नौ दिनों का अनुष्ठान शुरू हो गया है। मगर, पिछले साल की तरह इस बार भी नवरात्र के दौरान कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं किया जाएगा। साथ ही रामनवमी के दिन पटना के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में भी भक्तों को प्रवेश नहीं मिल सकेगा। रामनवमी के दिन भारी संख्या में भक्त हनुमान जी के दर्शन करने यहां पहुंचते हैं। मंदिर के बाहर 2 किलोमीटर तक लंबी कतार में लोग खड़े होकर हनुमान मंदिर में पूजा करते हैं लेकिन कोरोना के चलते पिछले साल भी सादगी से इसे मनाया गया और एक बार फिर इस साल कोरोना के चलते इस आयोजन पर विराम लग गया है। महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया की रामनवमी के दिन महावीर हनुमान, भगवान राम और सभी देवी-देवताओं को नये वस्त्र धारण कराये जायेंगे। इस अवसर पर महावीर मंदिर में तीनों स्थानों पर लगे ध्वज बदले जायेंगे। जिन भक्तों ने ध्वजारोहण की रसीद कटायी है, उनके नाम और गोत्र आदि के संकल्प के साथ कार्यालय के पास निर्धारित स्थान पर नये ध्वज लगाये जायेंगे। राम जन्मोत्सव मनाया जायेगा। साथ ही दोपहर 12 बजे आरती होगी और रात्रि में हवन होगा। मंदिर के नैवेद्यम काउंटरों पर नैवेद्यम सुबह से शाम सात बजे तक मिलेगा। नवरात्रि में पूजा कर नैवेद्यम व सिंदूर की होम डिलीवरी की ऑनलाइन बुकिंग हो रही है। बता दें कि पटना के हनुमान मंदिर के 300 साल के इतिहास में लगातार दूसरे साल भक्त मंदिर में दर्शन नहीं कर सकेंगे। लॉकडाउन से पिछले वर्ष कलश स्थापन भी नहीं हो सकी था। रामनवमी के दिन दर्शन को हर साल आने वाले तीन से चार लाख श्रद्धालुओं को निराशा होगी।

Leave a Reply