गुजरात में निजी कारखाने का फटा बॉयलर, 4 मजदूरों की मौत

कटिहार । गुजरात में स्थित एक निजी कारखाने का बॉयलर फट गया है। इस हादसे में चार मजदूरों की हो गई, जो बिहार के रहने वाले थे। कटिहार जिलाधिकारी उदयन मिश्रा ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि गुजरात के मोरबी जिले के खेरवा गांव स्थित देव इंड्रस्ट्रीज में देर रात बॉयलर फटने से चार मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, जबकि अन्य चार मजदूर घायल हो गए हैं। इस घटना के बाद मृतकों के शव को कटिहार लाये जाने को लेकर लगातार जिला प्रशासन के द्वारा प्रयास किया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी अपर समाहर्ता विजय कुमार को सौंपी गई है। डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार राजकोट प्रशासन से सम्पर्क कर रहा है। सभी मृतक मजदूर 19 वर्ष से लेकर 25 वर्ष के बीच के हैं। ये सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं। इस घटना के बाद मृतकों के गांव में जहां मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है।
