दिल्ली: कोरोना बेडों की संख्या के बारे में गलत जानकारी देने पर दो निजी अस्पतालों के खिलाफ FIR दर्ज

नई दिल्ली. कोरोना ऐप (Corona App) पर बेड की गलत जानकारी देने वाले दो निजी अस्‍पतालों के खिलाफ दिल्‍ली की सरकार ने एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है. दोनों अस्पतालों के खिलाफ डीडीएमए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. दिल्ली सरकार ने कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलने के कारण दिल्ली के 14 निजी अस्पतालों को कोविड अस्पताल घोषित किया है.
दिल्ली में बढ़ते कोरोना मरीजों को देखते हुये दिल्ली सरकार ने आनंद विहार और शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन पर Covid बेड की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है, जिसमें सहायक आधार, चिकित्सा स्टाफ और ऑक्सीजन सुविधाओं के साथ आकस्मिक आधार पर और 5,000 बेड के स्तर तक अधिक सुविधाओं की पहचान की है.
दिल्ली में रोज रिकॉर्ड तोड़ कोरोना मरीज बढ़ रहे हैं. शनिवार को दिल्ली में कोरोना संक्रमण के सारे पुराने रिकार्ड टूट गये. पिछले 24 घंटे में 24,395 नये कोरोना के मामले सामने आए. वहीं मौतों का आंकड़ा भी अब तक का सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है. पिछले 24 घंटे में कोरोना की वजह से 167 लोगों ने अपनी जान गंवाई है. वहीं, शुक्रवार को 19,486 और बृहस्पतिवार को 16,699 मामले रिकॉर्ड किए गए थे. इस तरह हर रोज बड़ी संख्या में दर्ज किए जा रहे मामलों से यह स्पष्ट हो गया है कि कोरोना की यह वेब बेहद ही खतरनाक हो चुकी है.

दिल्ली सरकार की ओर से जारी किए गए हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक होम आइसोलेशन में भी मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन तेजी से बढ़ रही है. अब तक 32,156 मरीज होम आइसोलेशन में है. वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या भी अब बढ़कर 69,799 हो गई है. अब तक कुल 11,960 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो चुकी है. दिल्ली में मृत्यु दर भी 1.44 फीसदी हो चुकी है.

Leave a Reply