दहेज में मांग रहे थे 5 लाख रु., बेटी पैदा होने पर बढ़ गया जुल्म,

दहेज में मांग रहे थे 5 लाख रु., बेटी पैदा होने पर बढ़ गया जुल्म, सास-ससुर पड़ोस में रहने वाली बेटी के घर का काम भी करवाते
गोहलपुर थाने में पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत।
महिला ने गोहलपुर थाने में महाराष्ट्र निवासी पति, सास-ससुर व ननदों के खिलाफ दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न का केस
दहेज के लालची ससुराल वालों ने शादी के बाद दो साल में ही घर से मारपीट कर निकाल दिया। ससुराल वाले मायके से दहेज में पांच लाख रुपए लाने का दबाव बना रहे थे। यहां तक कि पड़ोस में रहने वाली बेटी के घर का काम करने के लिए भी सास-ससुर उसे मजबूर करते थे। बेटी को जन्म दिया, तो जुल्म और बढ़ गया। कारण उन्हें बेटा चाहिए था। पीड़ित को मायके में छोड़ दिया कि उसके शौहर की अब दूसरी शादी करेंगे। शिकायत पर गाेहलपुर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार चारखंभा निवासी गुलफसा परवीन (23) की शादी 27 अप्रैल 2019 को महाराष्ट्र निवासी मोहम्मद शहवाज से हुई थी। दहेज में पिता ने 25 हजार रुपए मेहर समेत अन्य घरेलू सामान दिया था। शादी के दो महीने बाद से ही पति शहवाज उस पर मायके से पांच लाख रुपए लाने का दबाव डालने लगा।
सास-ससुर भी उसे प्रताड़ित करने लगे। गुलफसा परवीन के मुताबिक उसकी एक ननद ससुराल में रहती है। वह उसके पति को अक्सर उसके बारे में भड़काती रहती थी। पड़ोस में उसकी दूसरी ननद का भी घर है। उसके घर का भी घरेलू काम करने के लिए सास मजबूर करती थी।
बेटी पैदा होने के बाद और बढ़ा अत्याचार
गुलफसा परवीन के मुताबिक 10 फरवरी को उसे बेटी हुई। तब से पति समेत ससुराल वालों का व्यवहार और बदल गया। बेटी मायके में हुई थी। छह महीने रहकर वह मार्च में ससुराल पहुंची, तो सभी उस पर मायके से पांच लाख रुपए लाने के लिए दबाव डालने लगे। उसे मारपीट कर मायके में छोड़ गए।
पति की दूसरी शादी कराने की धमकी
सास-ससुर ने धमकी दी कि पैसे जल्दी नहीं लाए, तो उसके पति की दूसरी शादी करा देंगे। गुलफसा के मुताबिक उसके जेठ की ससुराल वाले इसी तरह दूसरी शादी करा चुके हैं। गोहलपुर पुलिस ने मामले में पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ धारा 498, 294, 506 भादवि एव 3, 4 दहेज अधिनियम का केस दर्ज कर जांच में लिया है।
