बीकानेर में जेल ब्रेक, आधी रात को बैरक की खिड़की तोड़ कर फरार हुए 5 कैदी

बीकानेर. राजस्थान में जोधपुर की फलौदी जेल (Phalodi Jail Case) से फरार हुए 16 कैदियों का मामला अभी शांत हुआ भी नहीं कि अब बीकानेर जिले की नोखा सब जेल (Nokha Sub Jail Break ) से मंगलवार आधी रात को 5 कैदी फरार हो गए. कैदियों के फरार (5 Prisoners escaped) होने की सूचना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है. फरार कैदियों की तलाश में बीकानेर जिले समेत आसपास के इलाकों में कड़ी नाकाबंदी करवाई गई है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है. जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार आधी रात को करीब 2.30 बजे हुई. जेल में बंद कैदी बैरक की खिड़की तोड़कर बाहर निकले. बाद में कंबल से बनाई गई रस्सी के सहारे जेल की दोनों दीवारें पार कर फरार हो गए. इनमें 4 कैदी हनुमानगढ़ के और एक हरियाणा का है. जेल ब्रेक होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश में कड़ी नाकाबंदी करवाई. आस पास के सभी थानों को अलर्ट मो पर रखा गया है. पुलिस उपाधीक्षक नेम सिंह चौहान और निरीक्षक अरविंद सिंह के नेतृत्व में कैदियों की तलाश की जा रही है.
4 हनुमानगढ़ और 1 कैदी हरियाणा का रहने वाला है
पुलिस के अनुसार, फरार होने वाले कैदियों में सलीम पुत्र कादर खान गांव नवा पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन, अनिल पुत्र राजाराम ब्राह्मण सदलपुर पुलिस थाना आदमपुर हरियाणा, मनदीप सिंह पुत्र हाकम सिंह वार्ड नंबर 4 खर्लिया पीलीबंगा हनुमानगढ़, सुरेश कुमार पुत्र रमेश कुमार वार्ड नंबर 22 पीलीबंगा हनुमानगढ़ और रतिराम पुत्र लिछुराम जाट निवासी कुचोर अगुणी पीएसी जसरासर शामिल हैं. इस जेल में कुल 43 कैदी हैं. जेल की जिस बैरक से ये कैदी फरार हुए हैं, उसमें और भी कैदी बंद थे, लेकिन वे नहीं भागे. इस फरारी कांड में किसी बाहरी व्यक्ति की मिलीभगत बताई जा रही है. फरार हुए सभी आरोपी मादक पदार्थों के मामले में जेल में बंद थे.
5 अप्रैल को फलौदी जेल से फरार हुए थे 16 कैदी
उल्लेखनीय है कि 16 दिन पहले ही 5 अप्रेल की रात को जोधपुर जिले की फलौदी जेल से जेल कर्मचारियों की मिलीभगत से 16 कैदी फरार हो गये थे. उसके बाद उनमें से कई कैदियों को अभी तक वापस नहीं पकड़ा जा सका है. इससे पहले नोखा जेल में हुई इस घटना ने जेल प्रशासन के होश उड़ा दिये हैं. इस घटना के बाद एक बार फिर जेल प्रशासन के प्रबंधन को लेकर सवालिया निशान लग गये हैं. फलौदी जेल फरारी मामले में 4 जेल कर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है.
