बिहार में कोरोना वायरस से 59 लोगों की मौत, रिकवरी रेट भी हुआ कम

पटना । बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से 59 मरीजों की मौत हो गई और 11 हजार 489 नए मरीज सामने आए हें। ऐसे में राज्य में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 69 हजार 898 तक पहुंच गया है। वहीं, रिकवरी रेट में व्यापक गिरावट हो रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह जानकारी दी गई। राज्य में अब रिकवरी रेट घटकर 80.36 तक पहुंच गया है। संसाधन बढ़ाने और दवा की आपूर्ति को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त सजंय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया और भरोसा दिया कि कोविड-19 से संबंधित दवाओं की किल्लत नहीं होगी। इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने पटना के जिलाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, सभी प्रमुख दवा दुकानदारों,कम्पनी डिस्ट्रीब्यूटर एवं ड्रग एसोशिएशन के साथ बैठक कर लगातार आपूर्ति व स्टॉक का भी निर्देश दिया है। प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने कोविड की बेसिक दवाएं जैसे एजिथरल, फेबिकुल्यू, ऑक्सीमीटर, एन्हेलर, जिंकोविट के साथ सभी प्रकार के विटामिंस की दवाओं की उपब्धता तथा आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा है। साथ ही पटना के सभी दवा दुकान को खुला रखने को भी कहा है। उन्होंने कहा है कि लोगों को कोविड-19 की बेसिक दवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें इसके लिए जरूरी है कि सभी दुकानें खुली रहे।
दवा दुकानदारों को कोरोना वॉरियर बताते हुए उनके द्वारा की जा रही मानवता की सेवा की सराहना आयुक्त ने की है। बैठक में जिला पदाधिकारी को टीम बनाकर विभिन्न दवा दुकानों में दवा की उपलब्धता का सर्वे करने निर्देश दिया गया है। एडीएम (सप्लाई) तथा एसओआर इसकी जांच सुनिश्चित करेंगे।बताया गया कि रेमडेविसिर की आपूर्ती में सुधार हुआ है, परन्तु थोड़ी कमी अभी भी है। इस पर निगरानी रखी जा रही है। इस बैठक में मेडिकाना, सोना, केशव, एनके मेडिकल आदि रिटेल दुकानदार उपस्थित थे। स्टॉक होल्डर दवा कम्पनी जैसे सिप्ला, मेनकाइंड, केडिला के प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद थे।
