कांग्रेस सड़ी सोच, लाफिंग क्लब बनी; उसने हिमाचल में तैयार किए 5 राक्षस: मोदी

शिमला.नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पहली चुनावी रैली की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला, उसे एक सड़ी सोच तक कहा। मोदी ने यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस सरकार ने राज्य में 5 राक्षसों को पनपने दिया। मोदी ने कहा, "कांग्रेस का एक नेता ये कह रहा है कि कश्मीर को आजादी चाहिए। मुझे लगता है कि कांग्रेस लाफिंग क्लब बन गई है। देश में कांग्रेस को हटाने के लिए लोगों ने स्वच्छता अभियान चला रखा है।" बता दें कि हिमाचल में एक फेज में 9 नवंबर को वोटिंग होनी है। मोदी के स्पीच की 7 अहम बातें…
1) कांग्रेस ने देव भूमि में 5 राक्षस पैदा किए
– नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस ने इस देवभूमि का क्या हाल करके रखा है? हमने पहले कभी ये नहीं सुना था कि देवों की भूमि में राक्षसों को पैदा किया गया। देवों के सामने राक्षसों को पैदा करने का काम कांग्रेस सरकार ने शासन में बैठकर किया है।"
– "5 राक्षसों को पनपने का अवसर यहां की कांग्रेस सरकार ने दिया है। क्या फिर से एक बार देवभूमि को राक्षसों से मुक्त करना है या नहीं। ये 5 राक्षस हिमाचल को मिट्टी में मिलाने पर तुले हैं। अब आपको फैसला करना है कि इन राक्षसों से राज्य को मुक्ति दिलाना है या नहीं।"
– ये पांच राक्षस हैं: पहला- एक राक्षस खनन माफिया जो भू-संपदा को लूट रहा है। दूसरा राक्षस वन माफिया जो जंगलों को काट रहा है, लूट रहा है। तीसरा: ड्रग्स, जो पीढ़ी को खत्म कर रही है। चौथा: ट्रांसफर माफिया और पांचवां: टेंडर माफिया।
2) देश के वीरों का अपमान कर रही है कांग्रेस
– प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कांग्रेस इस कदर लाफिंग क्लब बन गई है कि इसका नेता ये कह रहा है कि कश्मीर को आजादी चाहिए। आप देश के वीरों, शहीदों का अपमान कर रहे हो। इस पार्टी का कोई नेता इस बयान पर कुछ नहीं बोल रहा। क्या ऐसी पार्टी की सरकार बननी चाहिए?"
3) बीजेपी को ऐसा जिताओ कि सारे रिकॉर्ड टूट जाएं
– मोदी ने कहा, "ऐसी सरकार बनाएं कि पुराने सारे रिकॉर्ड टूट जाएं और कांग्रेस को सबक मिले। इस बार इन्हें ऐसी सजा दो कि फिर कोई ऐसी हरकत न करें। दंड मिले बिना ये सुधरेंगे नहीं।"
4) एक सड़ी हुई सोच का नमूना है कांग्रेस
– मोदी ने कहा, "मैं जानता हूं कि कांग्रेस के मुखिया पहले क्या कहते थे और आजकल दुनिया भर को उपदेश दे रहे हैं। जब हम कहते हैं कि कांग्रेस मुक्त भारत तो उन्हें चुभता है। कांग्रेस संस्था नहीं रही, ये विचार नहीं, व्यवस्था नहीं, ये बापू की कांग्रेस नहीं, ये एक सड़ी हुई सोच का नमूना है, जिससे हम देश को मुक्ति दिलाने की बात कर रहे हैं।"
5) लोग सोच रहे थे मोदी क्या करेगा?
– मोदी ने कहा, "पंडित नेहरू कहते थे कि हम जनसंघ को जड़ से उखाड़कर फेंक देंगे। इतिहास गवाह है कि हम दिये की रोशनी में जले थे और कीचड़ में कमल भी खिला दिए। क्या ऐसे लोग देश के योग्य हैं क्या?"
– डोकलाम में देश की सेना चीन की सेना के सामने जाकर खड़ी हो गई। 72 दिन तक डटी रही। लोग सोच रहे थे मोदी क्या करेगा। हमें डरा रहे थे कि 1962 भूलना मत।
6)9 नवंबर को अपनी चहेती सरकार चुनें
– नरेंद्र मोदी ने कहा, "आजादी के सिपहसालार 24 साल की उम्र में एक महापुरुष ने अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे, ऐसे सेनानी राम सिंह जी पठानिया की धरती को मैं प्रणाम करता हूं। आप 9 तारीख को बटन दबाकर अपनी चहेती सरकार बनाने वाले हैं। जिन्होंने हिमाचल को लूटा है, उनको विदाई का अवसर आपके सामने है। ये हक आपको किसने दिया। पठानिया जी के योगदान की वजह से आज हम बटन दबाकर अपनी सरकार चुनते हैं।"
– "मै आपसे अर्ज करता हूं कि जब आप 9 तारीख को बटन दबाएंगे, तो उस वक्त पठानिया जी के योगदान को याद कर लेना। जब आप आजादी के महापुरुष को याद कर बटन दबाएंगे तो सही बटन दबेगा और सही सरकार बनेगी।"
7) कांग्रेस के पास अब कुछ नहीं बचा
– नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज सुबह आप लोग इतनी तादाद में कमल खिलाने की मंशा से आएं हैं, मैं आपको नमन करता हूं। कांग्रेस के हिम्मत की दाद देनी पड़ेगी। कुछ नहीं बचा है, लेकिन फिर भी जनता को सफाई देते जा रहे हैं। आपके मुख्यमंत्री किस मुद्दे पर जमानत पर हैं। उन पर गंभीर आरोप लगे हैं, इसके बावजूद भी वो अपनी पार्टी का मेनिफेस्टो दिखा रहे हैं और कह रहे हैं कि कांग्रेस की सरकार बनेगी तो करप्शन के प्रति उनका जीरो टॉलरेंस होगा। अब बताइए ये उनकी हिम्मत तो ही है। कोई और दल का नेता होता तो मुंह छिपाकर भाग जाता।"
– "सार्वजनिक जीवन में तमाम काम करने पड़ते हैं, हो सकता है कि एक-दो काम गलत हो जाए। इस पर देश माफ कर देता है। लेकिन काम अगर गलत इरादे से किया जाए तो जनता और देश माफ नहीं करता है। कांग्रेस जरा विचार करे कि देश के कोने-कोने में जनता उसे और उसके नेताओं को हटाने को क्यों निकल पड़ी है।"
हिमाचल इलेक्शन का शेड्यूल
वोटिंग: 9 नवंबर
नतीजे: 18 दिसंबर
कुल सीटें: 68
