5 कोविड मरीजों की मौत का मामला, कांग्रेस विधायक कलेक्टर से बोले- बंद करो तमाशा

जबलपुर. गैलेक्सी हॉस्पिटल में ऑक्सीजन समाप्त होने और पांच मौतों के बाद प्रशासन अब विपक्ष के निशाने पर है. शहर के तीनों कांग्रेस विधायक पहले गैलेक्सी हॉस्पिटल पहुंचे. इसके बाद कलेक्टर कार्यालय पहुंच कर नाराजगी जताई. प्रशासन को 100 टैंकर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए कंपनी से बात कराई. आश्वस्त किया कि उसका भगुतान वे करेंगे. वहीं, विधायकों ने दो टूक अल्टीमेटम दिया है कि घटना के जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए. मौतों पर पर्दा बर्दाश्त नहीं करेंगे. कांग्रेस के तीनों विधायक पूर्व मंत्री तरुण भनोत, लखन घनघोरिया, और विनय सक्सेना ने कहा कि कोविड संक्रमितों के लिए दो हजार बेड का बड़ा अस्थाई अस्पताल तैयार करो. जहां 24 घंटे संक्रमितों को भर्ती कर इलाज किया जा सके. अब इलाज के नाम पर तमाशा बंद होना चाहिए. कलेक्टर को दो दिन में शहर भर के निजी अस्पताल संचालकों की बैठक बुलाने के लिए कहा है.
