Covid-19 नियमों के उल्लंघन पर नोएडा में 694 व्यक्तियों पर लगा जुर्माना

नोएडा. गौतमबुद्ध नगर पुलिस (Gautam Budh Nagar Police) ने कोविड-19 संबंधी नियमों का उल्लंघन करने तथा बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों पर घूमने के मामले में 694 व्यक्तियों से रविवार को 1,10,100 रुपये का जुर्माना वसूला. पुलिस आयुक्त आलोक सिंह (Commissioner of Police Alok Singh) के प्रवक्ता ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर बिना मास्क पहने घूम रहे 694 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे 1,10,100 रूपए का जुर्माना (Penalty) वसूला गया. उन्होंने बताया कि कोविड-19 के प्रोटोकॉल का अनुपालन कराने के लिए पुलिसकर्मी जगह-जगह जांच कर रहे हैं और नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि 760 वाहन चालकों का चालान करते हुए उनसे 30,900 रुपये जुर्माना वसूला गया और 104 वाहनों को जब्त किया गया. उन्होंने बताया कि जनपद में 206 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में मुकदमा किया गया है.
वहीं, कल खबर सामने आई थी कि उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में थाना औरंगाबाद पुलिस (Police) ने कोरोना नियमों का बार-बार उल्लंघन करने पर एक होटल मालिक का 10 हजार रुपये का चालान किया है. 10 हजार रुपये का चालान होने के बाद औरंगाबाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और 'दो गज दूरी, मास्क है जरूरी' के नियमों का लोग गंभीरता से अब पालन कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि नासिर पुत्र मुजम्मिल निवासी छेदीवाड़ा होटल संचालक हैं, जिन्हें बिना मास्क के औरंगाबाद पुलिस ने आते देखा तो थाना प्रभारी अरुणा राय ने 1000 रुपये का मास्क का चालन करते हुए आगे से मास्क पहनने की हिदायत देकर छोड़ दिया था. जिसके बाद शनिवार रात होटल मालिक फिर बिना मास्क पकड़ा गया. जिसके बाद थाना प्रभारी अरुणा राय ने 10 हजार रुपये का चालान कर दिया.
पुलिस का साथ देने की भी अपील की
10 हजार रुपए का चालान इलाके में चर्चा का विषय बन गया. साथ ही जनपद में लेडी सिंघम के नाम से मशहूर थाना प्रभारी अरूणा राय ने कहा कि अगर होटल मालिक ने अब भी मास्क नहीं पहना तो उनके होटल को सील करने की कार्यवाई कर दी जाएगी. साथ ही इस महामारी में सभी लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की है. थाना प्रभारी अरुणा राय का कहना है कि सभी लोग दो गज दूरी और मास्क जरूरी के साथ सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें. उन्होंने सभी लोगों से पुलिस का साथ देने की भी अपील की.
