मंत्री बोले-बालाजी को नारियल चढ़ाओ, सब ठीक हो जाएगा

जोधपुर । जोधपुर के सांसद और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत की कोरोना मरीज के परिजन को दी एक सलाह चर्चा में है। दरअसल, मंत्री जी जोधपुर के अस्पतालों में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। अस्पताल में एक मरीज के परिवार की दो महिलाओं ने इस दौरान उनसे मदद मांगी। इस पर शेखावत ने उन्हें सांत्वना देते हुए कहा, डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं, आप बालाजी महाराज को नारियल चढ़ा देना, भगवान सब ठीक कर देंगे। इतना कहकर शेखावत आगे बढ़ गए। बाद में शेखावत ने कहा कि डॉक्टरों के इलाज के साथ ही भगवान में आस्था रखने में कुछ भी गलत नहीं है। शेखावत ने बाद में कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन को ढाढस बंधाना किसी भी तरह से गलत नहीं है। एक परेशान मां को दवा और दुआ दोनों पर भरोसा दिलाना मेरे कर्तव्य के दायरे में आता है और वही मैंने निभाया। मैं अस्पतालों की व्यवस्था जांचने ही गया था और सब देखने के बाद ही कहा कि डॉक्टर अपना काम कर रहे हैं। मैं बता दूं कि मुझे वहां दिन-रात ड्यूटी कर रहे डॉक्टरों द्वारा किए जा रहे इलाज पर कोई संदेह नहीं है। निश्चित रूप से वे अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभा रहे हैं। लेकिन मरीज और उसके परिवार वालों को मानसिक रूप से मजबूत बनाए रखना भी जरूरी होता है, मैंने जो कहा सामाजिक व्यवहार में वह बहुत सामान्य बात है।
