मुंब्रा इलाके के प्राइम क्रिटीकेयर अस्पताल में आग लगी; ICU के मरीजों को शिफ्ट करते समय 4 की मौत,

मुंबई महाराष्ट्र में ठाणे के मुंब्रा इलाके में बुधवार तड़के 3:00 बजे प्राइवेट हॉस्पिटल प्राइम क्रिटीकेयर में भीषण आग लग गई। हादसे में 4 मरीजों की मौत हो गई। जबकि 20 मरीजों को रेस्क्यू किया गया है। आग लगने के बाद आईसीयू में भर्ती 6 मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा था, उसी दौरान इनमें से 4 मरीजों ने दम तोड़ दिया।

आग तड़के 3 बजे लगी, जिस पर पूरी तरह काबू पाने में तकरीबन 3 घंटे लग गए।

स्थानीय विधायक जितेंद्र अव्हाड ने घटनास्थल का जायजा लिया। ठाणे महानगर पालिका ने हादसे की जांच का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया गया है।

ठाणे नगर निगम की ओर से कहा गया है कि जब मरीजों को दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा था, तभी 4 मरीजों की मौत हो गई। शुरुआती जांच के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हालांकि इसकी असली वजह अभी पता नहीं चल सकी है।

इनकी हुई मौत

1) यासमीन जफर सैय्यद (46) 2) नवाब मजीद शेख (47) 3) हलीमा सलमानी (70) 4) सोनवाने (5)

अगर कोई दोषी हुआ तो उस पर कार्रवाई होगी: पुलिस

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मधुकर शिवाजी कदम ने बताया कि इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हुई है। मौत का कारण पोस्टमार्टम के जरिए पता लगाया जाएगा। शुरू में हमें जानकारी मिली थी कि अस्पताल के अंदर 12 लोग हैं लेकिन यहां आने पर यहां से ज्यादा मरीज मिले। हमारी जांच जारी और अगर कोई दोषी हुआ तो उस पर कार्रवाई होगी।

हादसे के दौरान हॉस्पिटल में एडमिट अन्य मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

महाराष्ट्र में 4 महीने में हुए 5 हादसों में गई 62 लोगों की जान

यह कोई पहला मामला नहीं है, जब महाराष्ट्र में हॉस्पिटल की लापरवाही की वजह से लोगों की जान गई है। सिर्फ इसी साल यानी जनवरी 2021 से अब तक 62 मरीजों की जान हॉस्पिटल की लापरवाही से जा चुकी है। इसमें आज के चार मरीज भी शामिल हैं।

9 जनवरी को भंडारा जिला हॉस्पिटल के NICU में शार्टसर्किट के बाद 10 बच्चों की मौत हुई थी।

26 मार्च को भांडुप के सनराइज हॉस्पिटल में लगी आग की चपेट में आने से 10 मरीजों की मौत हुई थी।

21 अप्रैल को नासिक के जाकिर हुसैन हॉस्पिटल में ऑक्सीजन लीक के बाद 24 मरीजों की मौत हुई थी।

23 अप्रैल को विरार के विजय वल्लभ हॉस्पिटल के ICU में भीषण आग के बाद 14 मरीजों ने जान गंवाई थी।

28 अप्रैल को मुंब्रा इलाके के प्राइम क्रिटीकेयर अस्पताल के ICU में आग के बाद 4 मरीजों की मौत हुई।

Leave a Reply