कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने अपना एक साल का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया, बोले – रेमडेसिविर इंजेक्शन खरीदकर मेरे इंदौर को दें

इंदौर कोरोना के इस संकट में मरीज बेड, ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए परेशान हो रहे हैं। समाजसेवी संगठन, आमजन के साथ ही जनप्रतिनिधि भी लगातार मदद को आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में रेमडेसिविर इंजेक्शन की कमी से परेशान हो रहे लोगों को राहत मिले, इसके लिए कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपना एक साल का मूल वेतन देने की घोषणा की है। इसके पहले मंत्री तुलसी सिलावट और विशाल पटेल एक करोड़ रुपए ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए दे चुके हैं।
विधायक ने पत्र में लिखा कि इस महामारी में देश-प्रदेश के साथ ही शहर में संक्रमित परेशान हो रहे हैं। मरीजों को बेड ऑक्सीजन के साथ-साथ रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में लोग परेशान हो रहे हैं। इसे देखते हुए मैं अपना एक साल का मूल वेतर मुख्यमंत्री राहत कोष में दे रहा हूं। इन रुपयों से आप इंदौर की गरीब और असहाय जनता को इंजेक्शन उपलब्ध करवाएं।
संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांवेर समेत दो अन्य अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट निर्माण के लिए 75 लाख रुपए दिए हैं। यह राशि उन्होंने विधानसभा क्षेत्र विकास निधि से स्वीकृत की है। मंत्री सिलावट ने सेवाकुंज हाॅस्पिटल कनाड़िया और गीता भवन ट्रस्ट हाॅस्पिटल के लिए भी राशि स्वीकृत की है। इन तीनों अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट निर्माण के लिए 25-25 लाख रुपए की राशि दी जा रही है। वहीं, विधायक विशाल पटेल ने भी ऑक्सीजन प्लांट के लिए विधायक 25 लाख रुपए दिए हैं।
जीतू पटवारी का सीएम को लिखा पत्र।
देपालपुर विधायक विशाल पटेल ने बताया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देपालपुर में ऑक्सीजन प्लांट निर्माण के लिए उन्होंने 25 लाख रुपए विधानसभा क्षेत्र विकास निधि से स्वीकृत की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देपालपुर में ऑक्सीजन प्लांट निर्माण के लिए 25 लाख रुपए की राशि का स्वीकृति पत्र देपालपुर तहसीलदार बजरंग बहादुर सिंह को दिया है।
