जिस केंद्र में होना है वैक्सीनेशन वहां व्यवस्था तो दूर कोई जानकारी देने वाला भी नहीं,

रायपुर के भाटागांव शहरी प्राथमिक स्वास्थ केंद्र के पास बनी आंगनबाड़ी में 18 साल से अधिक और 44 साल तक लोगों का टीकाकरण किया जाना है। शनिवार की दोपहर इस केंद्र का जायजा लेने पर पता चला कि यहां कोई इंतजाम नहीं है। दो बजे से टीकाकरण तय था। 12 बजे तक यहां कोई बंदोबस्त नहीं दिखा। पुलिस स्टाफ की ड्यूटी समय से पहले लगी हुई थी। मगर इस केंद्र में टीका लगवाने के लिए आ रहे लोगों को कोई जानकारी आंगनबाड़ी में नहीं मिली।
तस्वीर रायपुर की है। इसी केंद्र में टीकाकरण होना है, मगर सुबह से यहां सन्नाटा दिखा।
आंगनबाड़ी के पास बने स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने भी कह दिया कि आंगनबाड़ी में कौन टीका लगाएगा, वहां जानकारी कौन देगा, ये हमें नहीं पता। कुछ देर धूप में भटककर लोग घरों को लौट गए। एक कमरे की इस आंगनबाड़ी में सिर्फ एक खाली कुर्सी रखी थी, कमरे का खालीपन सरकारी सिस्टम की लचर हालत की कहानी कहने को काफी था।
जानकारी न मिलने और टीकाकरण के लिए कार्ड की सख्ती देखकर लोग लौट गए।
मेरे पास गरीबी रेखा के नीचे का कार्ड नहीं तो टीका नहीं लगेगा, ये कैसा नियम
रायपुर के मनोज शर्मा भी भाटागांव के पास वाली आंगनबाड़ी में टीकाकरण की जानकारी लेने पहुंचे थे। उन्हें पता चला कि सरकार के नियम के मुताबिक पहले गरीबी रेखा से नीचे का राशन कार्ड जिनके पास है उन्हें टीका लगेगा। मनोज ने कहा कि मैंने रजिस्ट्रेशन करवाया, मैं टीका लगवाना चाहता हूं, मगर ये नया नियम लाकर सरकार टीका लगवाने से हमें रोक रही। ये तो मुझे समझ नहीं आया। जिसके पास कार्ड नहीं है, कोरोना के रिस्क से वो भी उतना ही प्रभावित है जितना कार्डधारी।
वैक्सीन रायपुर के सेंटर्स के लिए भेजी गई हैं।
एयरपोर्ट पर पहुंची वैक्सीन
टीकाकरण अधिकारी अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि रायपुर एयरपोर्ट पर करीब डेढ़ लाख को-वैक्सीन शनिवार की दोपहर पहुंची। इन्हें केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया है। यही टीके 18 से 44 साल तक की आयु के लोगों को लगाए जाने हैं। इस दवा के लिए हाल ही में राज्य सरकार ने भारत बायोटेक को दिया था। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के सभी विकासखंडों और नगर निगम इलाकों में 1 मई से, बस्तर और सरगुजा संभाग के विकासखंडों व नगर निगम क्षेत्रों 2 मई से टीकाकरण इन्हीं वैक्सीन से होगा।
रायपुर के इन सेंटर्स में लगेगा 18+ को टीका
रायपुर जिले की सभी विकासखंडों के लिए 8-8 सौ और नगर निगमों के लिए 23-23 सौ वैक्सीन दी गई है। रायपुर नगर निगम के अंतर्गत जिला अस्पताल पंडरी, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटागांव, गुढ़ियारी और गोगांव शामिल है। बीरगांव नगर निगम के अंतर्गत रावांभाठा में टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। इसी तरह तिल्दा विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरखूट और बंगोली में, अभनपुर विकासखंड के तोरला और परसदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, आरंग विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राखी और रीवा में तथा धरसीवां विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मांढर और कुरूद- सिलीयारी में टीका लगाया जाएगा।
इन दस्तवेजों की मदद से लगेगा टीका
जिले के 18 से 44 आयु वर्ग के अंत्योदय राशन कार्डधारी लोगों को टीका लगाया जाएगा। ये अपने नजदीकी केंद्र में जाकर टीका लगवा सकते हैं। ऐसे लोगों को केंद्र में अपना राशनकार्ड, आधार या वोटर कार्ड दिखाना होगा। इसके लिए किसी पंजीयन की जरूरत नहीं है। खबर है कि राज्य सरकार प्रदेश में इस वैक्सीनेशन के लिए अलग सॉफ्टवेयर बना रही है।
