मध्य प्रदेश में सामने आये कोरोना वायरस के 12379 नए मामले, 102 मरीजों की मौत

मध्य प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 12379 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 575706 तक पहुंच गई। पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 102 और व्यक्तियों की मौत हुई है। राज्य में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 5718 हो गई है। यह जानकारी मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को इंदौर में 1832, भोपाल में 1683, ग्वालियर में 1105 एवं जबलपुर में कोविड-19 के 759 नये मामले सामने आए। अधिकारी ने बताया कि राज्य में कुल 5,75,706 संक्रमितों में से अब तक 4,81,477 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 88,511 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार को 14562 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
वहीं, राज्य के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को कहा कि अब प्रदेश में चिकित्सकीय ऑक्सीजन संबंधी कोई दिक्कत नहीं है। मिश्रा ने ट्वीट किया, मध्य प्रदेश में ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा युद्धस्तर पर किए गए प्रयासों का नतीजा है कि अब हमारे पास जरूरत से अधिक ऑक्सीजन उपलब्ध है। आपूर्ति की व्यवस्था इस तरह की गई है कि अब ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। उन्होंने आगे लिखा, रविवार, 2 मई को प्रदेश में 503 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी।
