125 साल पुरानी मेट्रो सेवा बंद होने की कगार पर, पहले 55 लाख यत्री रोज ट्रैवल करते थे; अब 4 लाख भी नहीं आ रहे

अमेरिकी के न्यूयॉर्क शहर की सवा सौ साल पुरानी मेट्रो वहां की लाइफस्टाइल का हिस्सा है। न्यूयॉर्क सिटी सबवे दुनिया की उन गिनी-चुनी मेट्रो सेवाओं में है, जो 24X7 चलती हैं। कोरोना महामारी ने इसे भी बुरी तरह प्रभावित किया है। सवारियों की संख्या कम होने से सबवे बंद होने की कगार पर है।

सवा सौ साल में ना रुकने वाली मेट्रो को महामारी के चलते 6 मई, 2020 से रात में अस्थायी तौर पर बंद किया गया था। इस दौरान ट्रेनों और स्टेशनों को डिस्इंफेक्ट किया गया। महामारी से पहले औसतन 55 लाख लोग रोज इससे सफर करते थे। बीते एक साल में आंकड़ा 3.85 लाख रहा गया है।

न्यूयॉर्क सिटी ट्रांजिट के वरिष्ठ अधिकारी सारा फीनबर्ग ने कहा, महामारी ने मेट्रो के वजूद पर संकट पैदा कर दिया है। मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों की संख्या में गिरावट का अध्ययन करने की जिम्मेदारी मैकिंसे एंड कंपनी को दी थी। इसने बताया कि 80% से अधिक यात्री 2024-2025 से पहले मेट्रो में वापस नहीं आने वाले।

ज्यादातर लोगों ने सुरक्षित वैकल्पिक साधन अपना लिए हैं। पब्लिक हेल्थ कैंपेनर निक कहते हैं कि मेट्रो लोगों को यह भरोसा कैसे दिलाएगा कि वह सुरक्षित है। मेट्रो के ज्यादातर कर्मचारी भी मानते हैं कि देर-सबेर इसे बंद कर दिया जाएगा। कोविड पीक के दौरान सबवे संक्रमण का हॉट स्पॉट बन गया था। इसके हजारों कर्मचारी संक्रमित हुए और 140 की जान चली गई।

सबवे ड्राइवर जॉन रस्किन ने बताया, जब कोरोना पीक पर था, ट्रेन में एक भी सवारी नहीं होती थी, हमें खाली ट्रेन चलानी पड़ती थी। संक्रमण से पहले 80 लाख की आबादी में ज्यादातर सबवे पर निर्भर थे। बीते साल सबवे अधिकारियों ने सरकार को कहा था कि अगर समय पर मदद न मिली तो संचालन बंद करना पड़ेगा। सरकार ने 14 अरब डॉलर की मदद दी, जिससे यह कुछ महीनों तक चल सकेगी। हालांकि अधिकारी कहते हैं कि इस मदद से कुछ नहीं होने वाला।

दुनिया का सबसे लंबा मेट्रो नेटवर्क और सबसे ज्यादा स्टेशन

  • 27 अक्टूबर, 1904 मेट्रो संचालन शुरू हुआ
  • 399 किमी का नेटवर्क, दुनिया में सबसे लंबा
  • 472 स्टेशन नेटवर्क में, दुनिया में सबसे ज्यादा
  • 9वां सबसे व्यस्त रैपिड रेल नेटवर्क है न्यूयॉर्क सिटी मेट्रो दुनिया में
  • 61 लाख एक दिन में सर्वाधिक यात्री का रिकॉर्ड 23 सितंबर, 2014 को बना था

Leave a Reply