फॉर्म में चल रहे पृथ्वी और राहुल दिला सकते हैं ज्यादा पॉइंट; राजस्थान के खिलाफ विलियम्सन और बेयरस्टो भी कर सकते हैं कमाल

IPL 2021 सीजन का 5वां डबल हेडर मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम आमने–सामने होगी। वहीं, दूसरे मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) आपस में भिड़ेंगी। RR के खिलाफ SRH के नए कप्तान केन विलियम्सन और जॉनी बेयरस्टो अच्छी बैटिंग कर सकते हैं।
वहीं, DC vs PBKS मैच में शानदार फॉर्म में चल रहे पृथ्वी शॉ और लोकेश राहुल ज्यादा पॉइंट्स दिला सकते हैं। चलिए जानने की कोशिश करते हैं कि IPL के अल क्लासिको माने जाने वाले इस मैच में फैंटेसी-11 के लिए कौन–कौन से खिलाड़ी सही चयन साबित हो सकते हैं।
- RR vs SRH
इस मैच में 2 विकेटकीपर रखे जा सकते हैं। राजस्थान के विकेटकीपर और कप्तान संजू सैमसन फिलहाल अच्छे फॉर्म में हैं। उन्होंने मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में 27 बॉल पर 42 रन की पारी खेली थी। इस सीजन में उन्होंने अब तक 6 मैच में 229 रन बनाए हैं। वहीं, हैदराबाद के जॉनी बेयरस्टो भी शानदार फॉर्म में हैं। वे अब तक 6 मैच में 2 फिफ्टी की मदद से 218 रन बना चुके हैं।
- DC vs PBKS
इस मैच में भी 2 विकेटकीपर रखे जा सकते हैं। दोनों विकेटकीपर ही अपनी–अपनी टीमों के कप्तान हैं। दिल्ली के ऋषभ पंत 7 मैच में 2 फिफ्टी की मदद से 199 रन बना चुके हैं। वहीं, पंजाब के लोकेश राहुल फिलहाल ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने अब तक 7 मैच में 4 फिफ्टी लगाई है। बेंगलुरु के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने 91 रन की पारी खेली थी।
बैट्समैन
- RR vs SRH
इस मैच में केन विलियम्सन, जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और डेविड वॉर्नर के रूप में 4 बल्लेबाजों को चुन सकते हैं। SRH ने डेविड वॉर्नर को हटाकर विलियम्सन को टीम का नया कप्तान बनाया है। विलियम्सन शानदार फॉर्म में भी हैं। उन्होंने अब तक सिर्फ 3 मैच खेले हैं और 135 के स्ट्राइक रेट से 108 रन बनाए हैं। बटलर ने मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में 42 रन की पारी खेली थी। वहीं यशस्वी ने भी मुंबई के खिलाफ आक्रामक शॉट्स लगाए थे। वॉर्नर बेयरस्टो के बाद सीजन में हैदराबाद के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
- DC vs PBKS
इस मैच में पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, क्रिस गेल, शिमरॉन हेटमायर के रूप में 4 बल्लेबाज अच्छे पॉइंट्स दिला सकते हैं। शॉ अपने करियर के सबसे बेहतरीन फॉर्म में हैं। पिछले मैच में उन्होंने पारी के पहले ओवर में शिवम मावी की 6 बॉल पर 6 चौके लगाए थे। उन्होंने अब तक 7 मैच में 269 रन बनाए हैं। वहीं, धवन ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 7 मैच में 311 रन बनाए हैं। गेल ने पिछले मैच में बेंगलुरु के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी और 24 बॉल पर 46 रन बनाए थे। जबकि हेटमायर ने बेंगलुरु के खिलाफ फिफ्टी लगा फॉर्म में वापसी की थी।
ऑलराउंडर
- RR vs SRH
ऑलराउंडर्स में ऑक्शन में सबसे महंगे बिकने वाले क्रिस मॉरिस, शिवम दुबे और जगदीश सुचित अच्छे पॉइंट्स दिला सकते हैं। सीजन में राजस्थान ने 2 मैच जीते हैं और यह दोनों मैच मॉरिस ने ही जिताए। एक मैच में उन्होंने 36 नॉटआउट रन की पारी खेली। वहीं, दूसरे मैच में 4 विकेट झटके। वे 11 विकेट के साथ टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। दुबे मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हैं। साथ ही गेंदबाजी में अच्छा मिश्रण करते हैं। सुचित ने दिल्ली के खिलाफ टाई हुए मैच में शानदार शॉट्स लगाए थे। इसके साथ ही वे बाएं हाथ के स्पिनर भी हैं।
- DC vs PBKS
ऑलराउंडर्स में हरप्रीत बरार, मार्कस स्टोइनिस और अक्षर पटेल अच्छे पॉइंट्स दिला सकते हैं। बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत ने बेंगलुरु के खिलाफ पिछले मैच में 3 सबसे डेंजरस बैट्समैन विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और एबी डिविलियर्स को आउट किया था। इसके अलावा उन्होंने 17 बॉल पर 25 रन भी बनाए थे। वे 5वें या छठे नंबर पर आक्रामक बैटिंग कर सकते हैं। जबकि दिल्ली के स्टोइनिस और अक्षर भी लोअर ऑर्डर में बैटिंग के साथ–साथ किफायती गेंदबाजी भी करते हैं। अक्षर ने हैदराबाद के खिलाफ सुपर ओवर में गेंदबाजी की थी और सिर्फ 7 रन दिए थे।
बॉलर्स
- RR vs SRH
बॉलिंग में शानदार फॉर्म में चल रहे हैदराबाद के राशिद खान और राजस्थान के चेतन साकरिया अच्छे पॉइंट्स दिला सकते हैं। साकरिया इस सीजन की खोज रहे हैं। अच्छे एक्शन के साथ–साथ उनके पास बेहतरीन स्पीड भी है। मॉरिस के बाद वे सीजन में टीम के सेकंड हाईएस्ट विकेट टेकर हैं। उन्होंने अब तक 6 मैच में 8.00 की इकोनॉमी से रन दिए और 7 विकेट चटकाए। वहीं, राशिद हैदराबाद के गो टू बॉलर हैं। वे 6 मैच में 9 विकेट ले चुके हैं।
- DC vs PBKS
बॉलर्स में आवेश खान और डेथ ओवर स्पेशलिस्ट क्रिस जॉर्डन अच्छे पॉइंट्स दिला सकते हैं। तेज गेंदबाज आवेश खान ने अब तक काफी प्रभावित किया है। 13 विकेट लेकर वे RCB के हर्षल पटेल के बाद सीजन के सेकंड हाईएस्ट विकेट टेकर हैं। वहीं, जॉर्डन डेथ ओवर में किफायती गेंदबाजी और बड़े शॉट लगाकर अच्छे पॉइंट दिला सकते हैं।
कप्तान
RR vs SRH और DC vs PBKS मैच में टॉप ऑर्डर का कोई बल्लेबाज और ऑलराउंडर को कप्तान या उपकप्तान बनाया जा सकता है। RR vs SRH में विलियम्सन, बटलर, सैमसन, मॉरिस और राशिद शामिल हैं। वहीं, DC vs PBKS में राहुल, गेल, पृथ्वी और धवन में से कप्तान–उपकप्तान चुना जा सकता है।
