बीते दिन 6.79 लाख नए केस, 9,957 की मौत; ब्रिटेन भारत की मदद के लिए 1000 वेंटिलेटर और भेजेगा

दुनियाभर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस बीच रविवार थोड़ा राहत भरा रहा। पिछले 24 घंटे में दुनिया में 6 लाख 79 हजार 900 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इस दौरान 9,957 लोगों की जान भी गई। सबसे ज्यादा मामले भारत में आए। यहां बीते दिन 3.70 लाख कोरोना के मामले आए। इसके बाद अमेरिका में 30,701 और ब्राजील में 28,935 मामले सामने आए।

रोजाना होने वाली मौतों के मामले में भी भारत दुनिया में सबसे आगे निकल गया है। बीते दिन यहां 3,422 मौतें रिकॉर्ड की गईं। इसके बाद ब्राजील का नंबर आता है, जहां कोरोना की वजह से 1210 लोगों की जान गई। उधर, ब्रिटेन ने भारत की मदद के लिए एक हजार वेंटिलेटर और भेजने का फैसला किया है। इससे पहले ब्रिटेन ने पिछले हफ्ते 200 वेंटिलेटर और 500 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर भेजे थे।

इजराइल ने भारत सहित 7 देशों में जाने पर रोक लगाई
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इजरायल ने अपने देश के लोगों पर भारत सहित 7 देशों में जाने पर रोक लगा दी है। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि हम हमारे देश के लोगों से यूक्रेन, ब्राजील, इथियोपिया, साउथ अफ्रीका, मैक्सिको, तुर्की और भारत ना जाने की अपील करते हैं। ये आदेश 3 मई से लेकर 16 मई तक लागू रहेगा।

किन लोगों पर लागू नहीं होंगे नियम

  • जो लोग इजरायल के नागरिक नहीं हैं, उन्हें इन देशों में जाने की छूट रहेगी।
  • जिन लोगों की इजरायल से कनेक्टिंग फ्लाइट हैं, उन्हें 12 घंटे तक एयरपोर्ट में ट्रांजिट एंट्री की छूट मिलेगी।
  • इन देशों से आने वाले लोगों को दो सप्ताह तक क्वारंटाइन रहना होगा।
  • जिन्हें वैक्सीन लग चुकी है या कोविड से कुछ समय पहले रिकवर हुए हैं, उन पर भी नियम लागू होंगे।
  • जिन लोगों के पास कोरोना की दो निगेटिव रिपोर्ट हैं, उन्हें भी 10 दिन क्वारंटाइन रहना होगी।

अब तक 15.34 करोड़ केस
दुनिया में कोरोना के अब तक 15.34 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 32.16 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है जबकि 13.14 करोड़ लोगों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल 1.94 करोड़ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 1.93 करोड़ लोगों में कोरोना के हल्के लक्षण हैं और 1.11 लाख लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए

देशसंक्रमितमौतेंठीक हुए
अमेरिका33,180,441591,06225,823,800
भारत19,919,715218,94516,281,738
ब्राजील14,754,910407,77513,278,718
फ्रांस5,652,247104,8194,637,053
तुर्की4,875,38840,8444,480,381
रूस4,823,255110,8624,443,922
ब्रिटेन4,420,201127,5384,221,582
इटली4,044,762121,1773,492,679
स्पेन3,524,07778,2163,206,273
जर्मनी3,425,59883,8263,024,600

Leave a Reply