नोटबंदी को एक साल: कांग्रेस मनाएगी काला दिवस, BJP ने की एंटी ब्लैक मनी डे की तैयारी

कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां पूरे देश में नोटबंदी के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगी। वहीं बीजेपी नोटबंदी के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए बुधवार को एंटी ब्लैक मनी डे(काला धन विरोधी दिवस) के रूप में मनाने की तैयारी में है।
सूरत में व्यापारियों से बातचीत करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी इस मौके पर गुजरात के सूरत में व्यापारियों से बातचीत करेंगे और एक जुलूस में हिस्सा लेंगे। आपको बता दें कि गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 9 और 14 दिसंबर को होना है। नोटबंदी को मुद्दा बनाकर राहुल गांधी गुजरात चुनाव को साधने की कोशिश करेंगे।
दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महासचिव गुलाम नबी आजाद, पीसी चाको और अजय माकन नोटबंदी के विरोध में विजय चौक पर मानव श्रृंखला बनाकर उसका नेतृत्व करेंगे। वहीं शरद यादव ने कहा कि हम पिछले साल हुई इस नोटबंदी के खिलाफ हैं, कांग्रेस भी नोटबंदी का पूरे देश में विरोध कर रही है।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने पूरे देश की आर्थिक रफ्तार को सुस्त ही नहीं किया बल्कि लोगों को भारी तकलीफ पहुंचाई है।
