IMD की भविष्यवाणी- 19-20 मई को सौराष्ट्र-कच्छ तट से टकरा सकता है ताऊ ते; निचले इलाकों में अलर्ट

अहमदाबाद 2021 का पहला चक्रवाती तूफान ‘ताऊ ते’ देश के पश्चिमी तट से टकरा सकता है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 14 मई की सुबह दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह 16 मई के करीब एक चक्रवाती तूफान के रूप में तेज हो सकता है। इसके 19-20 मई को गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ तट पहुंचने की संभावना है।
भारतीय मौसम विभाग ने 15-16 मई को लक्षद्वीप द्वीपसमूह के निचले इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पूर्व अरब सागर और समीपवर्ती लक्षद्वीप-मालदीव क्षेत्र और भूमध्यरेखीय हिंद महासागर में समुद्र की स्थिति शुक्रवार-शनिवार को बहुत बदल जाएगी।
16 मई को तेज हो सकता है तूफान
IMD ने भविष्यवाणी की है कि कम दबाव वाला क्षेत्र 16 मई के आसपास पूर्वी मध्य अरब सागर में तेजी से विकसित होकर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। हालांकि, कुछ न्यूमेरिकल मॉडल गुजरात और दक्षिण में कच्छ क्षेत्रों की ओर होने की संभावना को दर्शाते हैं, जबकि अन्य दक्षिण ओमान की ओर इसके जाने के संकेत देते हैं।
मछुआरों को समु्द्र में न जाने की सलाह
यही वजह है कि मौसम विभाग ने मछुआरों को दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप-मालदीव क्षेत्रों और पूर्व मध्य अरब सागर में में गुरुवार से नहीं जाने की सलाह दी है।
‘ताऊ ते’ तूफान का मतलब
14 मई को कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने के बाद चक्रवात का नाम ‘तौकते’ रखा गया। इसका मतलब है तेज आवाज करने वाली छिपकली। ‘ताऊ ते’ नाम म्यांमार की ओर से दिया गया है।
