महिलाओं को निर्भया नहीं बना पाई ‘निर्भीक गन’

दिल्ली में 16 दिसंबर की रात हुए निर्भया गैंग रेप की घटना ने महिलाओं और लड़कियों के प्रति चिंता को बढ़ा दिया था. सरकार भी चिंता में शामिल थी. ये ही वजह थी कि कानपुर फील्ड गन फैक्ट्री में महिलाओं की आत्मरक्षा के लिए साइज में छोटी और वजन में हल्की रिवॉल्वर बनाई गई. निर्भया के नाम पर इसका नाम भी ‘निर्भीक गन’ रखा गया.
रिवाल्वर की लांचिंग के दिन से ही महिलाएं इस रिवॉल्वर को पाने की दौड़ में पीछे रह गईं. रिवॉल्वर के लांचिंग समारोह में ही 10 में से तीन रिवॉल्वर महिलाओं को तो 7 रिवॉल्वर पुरुषों को दी गईं. प्रोडक्शन में कम होने के चलते महिलाओं की वेटिंग लिस्ट लम्बी हो गई.
रेट ज्यादा होने से भी महिलाओं ने बनाई दूरी
कानपुर फील्ड गन फैक्ट्री की ओर से जारी निर्भीक गन के रेट पर गौर करें तो एक निर्भीक गन 1 लाख, 26 हजार रुपये की आ रही है. बाजार में मौजूद दूसरी रिवॉल्वर को देखते हुए ये रेट बहुत ज्यादा हैं. 0.32 एमके 111 (एल) कैटेगरी की निर्भीक गन की कीमत 99 हजार रुपये प्लस टैक्स के बाद 1.26 लाख रुपये की पड़ती है. जबकि इसी कैटेगरी की दो और गन 66 और 77 हजार रुपये प्लस टैक्स की आ रही है.
टाइटेनियम एलॉय से बनी 530 ग्राम की है निर्भीक गन
कानपुर फील्ड गन फैक्ट्री के अस्सिसटेंट वर्क मैनेजर विवेकानंद चौबे बताते हैं कि निर्भीक गन टाइटेनियम एलॉय से बनी पॉइंट 32 बोर की लाइटवेट रिवॉल्वर है. इसका कुल वजन 530 ग्राम है. ये साइज में भी बहुत छोटी है. ये ही वजह है कि महिलाओं के साथ-साथ ये पुरुषों को भी बहुत पसंद आ रही है. साइज और वजन के चलते ये गन आसानी से महिलाएं अपने बैग में रख सकती हैं. साथ ही मुसीबत आने पर अपनी रक्षा के लिए तुरंत इसका इस्तेमाल भी कर सकती हैं. उन्होंने कहा कि इस रिवॉल्वर को पुरुषों को भी बेचा जा रहा है, लेकिन महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है.
ये है निर्भीक गन की खासियत
दिल्ली के निर्भया गैंग रेप कांड से सबक लेते हुए कानपुर की इंडियन ऑर्डनेंस फैक्ट्री ने खास तौर पर महिलाओं के लिए यह रिवॉल्वर बनाई थी. सामान्य रिवॉल्वर के मुकाबले निर्भीक का वजन सिर्फ 500 ग्राम है, जबकि आम रिवॉल्वर कम से कम 750 ग्राम की होती है.
यह रिवॉल्वर एक बार में छह फायर कर सकती है. गन फैक्ट्री के अस्सिसटेंट वर्क मैनेजर के अनुसार किसी भी हथियार को डवलप करने में 2-3 साल का वक्त लगता है, लेकिन निर्भीक को तैयार करने में सिर्फ 1 साल लगा. टेस्टिंग रिवॉल्वर से 500-600 राउंड फायर कर इसकी क्षमता परखी गई.
अब तक 5 हजार गन हो चुकी हैं सप्लाई
अस्सिसटेंट वर्क मैनेजर के अनुसार फैक्ट्री में निर्भीक गन का प्रोडक्शन प्रति वर्ष 2 से ढाई हजार है. साढ़े तीन साल में फैक्ट्री करीब 5 हजार गन ग्राहकों को सप्लाई कर चुकी है. सैकड़ों आवेदन अभी भी वेटिंग लिस्ट में हैं. वजन में हल्की होने के चलते लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं.
