शहरी क्षेत्र के 10 इलाके संक्रमण की नजर से संवेदनशील, नहीं सुधरे तो हालात हो जाएंगे गंभीर

फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग ने शहर के 10 ऐसे इलाकों को चिन्हित किया है, जहां सबसे अधिक संक्रमित पाए गए हैं। विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि यदि सावधानी नहीं बरती गई ताे हालात बेहद खराब हो सकते हैं। ऐसे में बेहतर होगा कि लोग बगैर किसी काम से घर से बाहर न निकलें।
दूसरी ओर राहत की बात ये है कि कोरोना से जंग जीतकर घर लौटने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। यही कारण है कि रिकवरी रेट बढ़कर 94 फीसदी तक पहुंच गयी है। लेकिन हैरान करने वाली बात ये है कि मरने वालों की संख्या में कमी नहीं हो रही है। सरकारी आंकड़ों पर नजर डालें तो मंगलवार को दस मरीजों की जान चली गई।
टॉप टेन संवेदनशील इलाके
फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग के अनुसान एनआईटी इलाका सबसे अधिक संवेदनशील है। माना जा रहा है कि यहां मार्केट आैर घनी आबादी होने के कारण संक्रमितों की संख्या अधिक है। इसके अलावा सेक्टर 16, सेक्टर 21, ग्रीनफील्ड कॉलोनी, एसजीएमनगर, सेक्टर 15, सेक्टर 7, सेक्टरी 3, सेक्टर 28 व अन्य इलाके हैं। माैत के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक ग्रामीण इलाके में 60 और शहरी क्षेत्रों में 16 मई तक 581 लोगों की जान जा चुकी थी।
दो बार हो चुका है सीरो सर्वे
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमण को रोकने के लिए दो बार सीरो सर्वे कराया जा चुका है। पहले राउंड के सीरो सर्वे में 25.8 फीसदी संक्रमित मिले थे। जबकि दूसरे राउंड में संख्या बढ़कर 31.2 फीसदी तक पहुंच गया। इसी तरह पलवल में पहले राउंड में 7.4 फीसदी संक्रमित मिले थे जबकि दूसरे राउंड में 5.5 फीसदी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि संवेदनशील इलाकों में अभी और सावधानी बरतने की जरूरत है।
24 घंटे में 10 मरीजों की गई जान
मंगलवार को 24 घंटे में 10 मरीजों की जान चली गई। 429 नए संक्रमित सामने आए। राहत की बात ये है कि इस दौरान 2027 मरीज ठीक होकर अपने घर पहुंच गए। रिकवरी दर बढ़कर 94 फीसदी तक पहुंच गयी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो एक्टिव केसों की संख्या भी घटी है। मंगलवार को आंकड़ा 5098 दर्ज किया गया। अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 96357 तक पहुंच गया है।
90,603 लाेग ठीक होकर पहुंचे घर
सीएमओ डा. रणदीप सिंह पुनियाा ने बताया कि अब तक 90,603 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। 1,598 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। जबकि, 3,500 लोग होम आइसोलेशन में हैं। 782 लोग आईसीयू में और 84 लोग वेंटीलेटर पर हैं।
कोरोना फाइल फैक्ट
फरीदाबाद में कोरोना: कुल 786790 सैंपल
निगेटिव -689604
पॉजिटिव-96357
रिपोर्ट पेंडिंग-829
ठीक हुए- 90603
अस्पताल में -1598
घर में आइसोलेट-3500
कोरोना से मौत-656
