हरियाणा पुलिस ने कोविड अस्पताल को दी 5 नई इनोवा कार, एंबुलेंस के रूप में होगा उपयोग

पानीपत । हरियाणा में बढ़ते कोरोना केसों के चलते एम्बुलेंस की कमी आ रही है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए पानीपत पुलिस प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। पुलिस प्रशासन ने सरकार की ओर से विभाग को मिली न्यू ब्रांड 5 इनोवा गाड़ियों को एम्बुलेंस के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए कोविड अस्पताल के हैंडओवर कर दी है। डीएसपी सतीश वत्स ने सभी पांचों गाड़ियों की चाबी पीएमओ संजीव ग्रोवर को सौंपते हुए बताया कि इससे पहले भी पांचों गाड़ियां सिविल अस्पताल के लिए एम्बुलेंस के तौर पर चल रही थी। लेकिन अब ये सभी गाड़िया डिपार्टमेंट द्वारा बाल जाटान में बने कोविड अस्पताल को अस्थाई तौर पर एम्बुलेंस के तौर पर इस्तेमाल करने के लिए आज सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि गाड़ियों में किसी तरह की कोई मेडिकल सुविधा तो नहीं होगी। ये गाड़िया बस मरीजों को उनके घर से अस्पताल में लाने ले जाने के लिए होंगी।
सतीश वत्स ने बताया कि अगर किसी मरीज को एम्बुलेंस नहीं मिल रही है तो वो टोल फ्री नंबर पर कॉल करके एम्बुलेंस ले सकता है। उन्होंने बताया कि ये सभी गाड़ियां कोविड अस्पताल प्रशासन के नियंत्रण मे काम करेंगी। एक गाड़ी पर शिफ्ट वाइज 2 ड्राइवर रहेंगे।
पीएमओ संजीव ग्रोवर ने पुलिस के इस कदम का आभार जताया और उन्होंने कहा की हमे इन गाड़ियों का बहुत फायदा मिलेगा। अब हम मरीजों को किसी भी तरह से एम्बुलेंस की कमी महसूस नहीं होने देंगे। आपको बता दें कि डीएसपी सतीश वत्स ने ये भी आश्वाशन दिया है अगर स्वास्थ्य विभाग द्वारा और गाड़ियों की डिमांड भी अगर भेजी जाती है तो हम अन्य गाड़ियों की भी व्यवस्था करवाने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि जब एम्बुलेंस की डिमांड का संकट कम हो जाएगा तो फिर से ये गाड़ियां पुलिस विभाग के लिए काम करेंगी
