जल्द आवासीय भूखंड की योजना लाएगा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

नोएडा । कोरोना महामारी में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ अन्य कामों पर भी प्राधिकरण ने जोर देना शुरू कर दिया है। प्राधिकरण आवासीय भूखंड, निर्मित भवन की योजना लाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा प्राधिकरण आवंटियों के लंबित 1100 आवेदन को एक हफ्ते में निस्तारित करेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने मंगलवार को ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। सीईओ ने बताया कि सभी विभागों की 1100 आवेदन लंबित पड़े हैं। इन आवेदनों को 1 सप्ताह में निस्तारित किया जाए। सभी विभाग अपनी नई योजनाओं के बारे में काम करें ताकि उनको शुरू कराया जा सके। उन्होंने कहा कि आवासीय भूखंड, निर्मित भवन और औद्योगिक भूखंड की योजना लाई जानी है। इस पर काम शुरू करें। सबसे पहले औद्योगिक भूखंड की योजना लाई जाए। सीईओ ने बताया कि ऑनलाइन समस्याओं के निस्तारण में अभी आवंटियों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्राधिकरण में दो केंद्र बनाए जाएं, जिन पर लोगों की दिक्कतों को दूर किया जा सके। साथ ही केवाईए (नो योर अलॉटी) भरवाया जा सके।
