दहशत में योग शिक्षिका राफिया, सुरक्षा के बावजूद परिजन परेशान

रांची । डोरंडा की योग शिक्षिका राफिया दहशत में हैं। रांची पुलिस ने भले ही उनके आवास की एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है, इसके बावजूद पूरे परिवार में दहशत है। दहशत उन कट्टरपंथियों से है, जिन्होंने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।
हालांकि, समाज के कई प्रबुद्ध लोग राफिया के समर्थन में भी हैं और शनिवार को भी उससे मिलकर उन्हें सहयोग करने का आश्वासन दिया है। योग गुरु बाबा रामदेव के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद से ही राफिया सुर्खियों में है। तमाम परेशानियों के बावजूद राफिया के हौसले बुलंद हैं।
वह कहती हैं कि समाज के कई लोगों का उसे समर्थन है और वह योग सिखाकर गरीब बच्चों का सेवा करना चाहती हैं। कुछ लोग ही हैं, जो उसका विरोध कर रहे हैं। इससे उसके हौसले कम नहीं होने वाले हैं। शनिवार को विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि राफिया से मिलने पहुंचे। गौरतलब है कि राफिया के योग सिखाने की वजह से लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिसके बाद उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सुरक्षा के बावजूद कुछ कट्टरपंथियों ने पिछले दिनों उनके आवास पर पत्थरबाजी की थी।
