हरियाणा में कोरोना के इलाज का सारा खर्च उठाएगी खट्टर सरकार

फरीदाबाद । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने निजी अस्पतालों में कोविड-19 का इलाज करा रहे राज्य के गरीबी रेखा से नीचे के मरीजों को एक और बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि इन मरीजों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। हालांकि इससे पूर्व, राज्य सरकार ऐसे मरीजों को 35,000 तक की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। सीएम खट्टर ने यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों और प्रशासनिक सचिवों के साथ कोविड-19 प्रबंधन की आठवीं समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। बैठक में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी उपस्थित थे, जबकि गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंबाला से बैठक में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बीपीएल परिवार आयुष्मान भारत योजना में शामिल नहीं हैं, केवल वह परिवार इस लाभ के लिए पात्र होंगे और जिला उपायुक्त यह सुनिश्चित करें कि यह योजना जमीनी स्तर तक पहुंचे। उन्होंने उपायुक्तों को ऐसे पात्र मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर यह सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य के सरकारी और निजी अस्पताल पहले से ही कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के खिलाफ कड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन अब ब्लैक फंगस मामलों पर निगरानी रखने सहित पोस्ट-कोविड समस्याओं से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।
