कैलिफोर्निया में हमलावर ने बरसाई अंधाधुंध गोलियां, 5 की मौत

अमेरिका में अंधाधुंध गोलीबारी की एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नॉर्दर्न कैलिफोर्निया के तेहामा काउंटी में एक अज्ञात हथियारबंद हमलावर ने कई जगहों पर अंधाधुंध गोलीबारी की. सुरक्षाकर्मियों ने अंततः हमलावर को रैंचो तेहामा एलीमेंट्री स्कूल में गोलीबारी के दौरान मार गिराया, जहां उसने बच्चों और स्कूल स्टाफ पर गोलियां बरसाईं.

 

हमले में अब तक पांच लोगों के मरने की खबर है, जबकि 10 के करीब लोग घायल हैं, जिसमें तीन बच्चे और एक महिला शामिल हैं.

 

हमलावर ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8.0 बजे के करीब बॉबकैट लेन में गोलीबारी की, जहां वह खुद रहता था. हमलावर ने अपने एक पड़ोसी की कार चुराई, जो थोड़ी ही दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इसके बाद हमलावर ने एक दूसरी कार चुराई और रैंचो तेहामा स्कूल पहुंचा. इस बीच हमलावर ने स्टेजकोच रोज और ओक पार्क रोड पर भी गोलीबारी की. स्कूल परिसर में पहुंचकर हमलावर ने 100 राउंड के करीब गोलियां बरसाईं . हमलावर के पास से एक सेमी ऑटोमैटिक राइफल और दो हैंडगन पाए गए.

 

तेहामा काउंटी के शेरिफ ने बताया कि हमलावर ने स्कूल के कमरों में भी घुसने की कोशिश, जहां वह अधिक से अधिक बच्चों को मारना चाहता था. लेकिन स्कूल स्टॉफ ने तत्काल कमरों में ताला लगा दिया, जिससे ढेरों जानें बचाई जा सकीं.

Leave a Reply