पूछताछ में घबराए हुए दिखे पहलवान सुशील कुमार, बार-बार बदलते रहे बयान: दिल्ली पुलिस सूत्र

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एक टीम ने पहलवान सागर की हत्या के कथित मुख्य आरोपी ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार और उनके सहयोगी अजय बक्करवाला से दिल्ली के तीन स्थानों- मॉडल टाउन, शालीमार बाग और छत्रसाल स्टेडियम की घटनाओं के बारे में पूछताछ कर रही है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस जब इन जगहों पर सुशील से पूछताछ कर रही थी तो वह घबराए हुए लग रहे थे और बार-बार अपने बयान बदल रहे थे। सूत्रों ने एएनआई को बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है, जिसमें सुशील कुमार के फरार होने में मदद की गई थी। पुलिस सुशील और अजय को छत्रसाल स्टेडियम भी ले गई, जहां पर लड़ाई हुई थी। दूसरा स्थान मॉडल टाउन का फ्लैट था जहां से सुशील और उनका साथी सागर और सोनू को छत्रसाल स्टेडियम लाए थे। तीसरा स्थान शालीमार बाग में वो फ्लैट था जहां सुशील रहते थे।
सूत्रों ने कहा कि पुलिस ने इन स्थानों पर सुशील से पूछताछ की और यह जानने की कोशिश की कि 4 मई और 5 मई की घटनाओं के दौरान उनके साथ और कौन-कौन मौजूद था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उस वीडियो को सत्यापित करने का भी प्रयास किया जिसमें दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार पहलवान सागर को पीटते हुए देखे जा सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि सुशील ने छत्रसाल स्टेडियम में होने की बात कबूल की और कहा कि उसने उन दो गुटों के बीच मध्यस्थ बनने की कोशिश की थी जो वहां लड़ रहे थे। हालांकि, सुशील ने सागर और सोनू को मॉडल टाउन फ्लैट से लाने की बात कबूल नहीं की। जब पुलिस सुशील से इन जगहों पर पूछताछ कर रही थी तो वह घबरा रहे थे और बार-बार अपना बयान बदल रहे थे।
सूत्रों ने यह भी बताया कि फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स सुशील कुमार द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहनों की जांच के लिए मॉडल टाउन थाने पहुंच रहे हैं और वे सबूत जुटाने के लिए छत्रसाल स्टेडियम भी जाएंगे।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कहा कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच छत्रसाल स्टेडियम विवाद से संबंधित मामले की जांच करेगी, जिसके कारण 23 वर्षीय पहलवान सागर की कथित हत्या हुई थी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार को पहलवान सागर की हत्या के मामले में फरार आरोपी सुशील कुमार को उनके सहयोगी अजय के साथ गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर फरारी के दौरान सुशील की मदद कर रहा था।
दिल्ली की एक अदालत ने उसी दिन सुशील कुमार को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। 23 वर्षीय पहलवान की कथित हत्या के मामले में 38 वर्षीय सुशील और अन्य के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। पुलिस के अनुसार, सुशील ने पिछले 18 दिनों के दौरान सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीमाओं से होते हुए फरार हो गए थे।
