कोविड मरीजों के मोबाइल चुराने वाले सफाई कर्मचारी को नोएडा पुलिस ने किया अरेस्ट

नोएडा । नोएडा पुलिस ने कोविड हॉस्पिटल-39 में तैनात एक महिला सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। दअसल, महिला कोविड से दम तोड़ने वाले मरीजों के और गंभीर और बेहोशी की हालत में पहुंचने वाले मरीजों के मोबाइल चोरी कर लेती थी। इसके कब्जे से 6 चोरी के मोबाइल बरामद हुए हैं। हॉस्पिटल में मरीजों का सामान और मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार की गई महिला का नाम मीना देवी है। हॉस्पिटल से मोबाइल चोरी की गंभीर घटनाओं को लेकर दो शिकायतें पुलिस को मिली थी। शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक करवाया। इसमें यह महिला कर्मचारी मोबाइल चोरी करते हुए दिख गई। इसके बाद गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद किए गए। बताया गया कि यह कर्मचारी हॉस्पिटल में संविदा पर तैनात थी। फिलहाल महिला से पूछाताछ की जा रही है।
