ACB की जयपुर में बड़ी कार्रवाई: ASI और दलाल को 75,000 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Anti Corruption Bureau) प्रदेश में लगातार भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई में जुटा हुआ है. ब्यूरो ने गुरुवार राजधानी जयपुर (Jaipur) में पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक (Assistant Sub Inspector) और उसके दलाल (Broker) को 75,000 रुपए की रिश्वत (bribe) लेते हुए गिरफ्तार (Arrested) किया है. रिश्वत की यह राशि थाने में दर्ज एक मामले में धाराएं कम करने और उसमें से महिलाओं के नाम हटाने की एवज में ली गई थी.
धाराएं कम करने की एवज में ली रिश्वत
ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पृथ्वीराज मीणा ने बताया कि पकड़ा गया सहायक उप निरीक्षक रतिराम यादव मानसरोवर थाने में तैनात है. एएसआई रतिराम यादव थाने में दर्ज एक मामले में परिवादी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में धाराएं कम करने और उसमें से महिलाओं के नाम हटाने के एवज में डेढ़ लाख रुपए की मांग की थी. बाद में सौदा 75 हजार रुपए में तय हुआ. परिवादी ने एसीबी मुख्यालय में इसकी शिकायत दर्ज करवाई. ब्यूरो की ओर से शिकायत का सत्यापन कराने पर वह सही पाई गई. इस पर एसीबी टीम ने गुरुवार को सहायक उप निरीक्षक रतिराम यादव को पकड़ने के लिए अपना पूरा जाल बिछाया.
थाने के पास स्थित एक चाय की थड़ी पर लिये रुपए
एएसआई रतिराम ने गुरुवार को परिवादी को रिश्वत राशि लेकर मानसरोवर थाने के पास स्थित एक चाय की थड़ी पर बुलाया. वहां उसने अपने दलाल ताराचंद के मार्फत रिश्वत राशि ली. ताराचंद ने रिश्वत राशि लेने के बाद एएसआई रतिराम को वॉट्सअप कॉल कर थाने के बाहर बुलाया. थाने के बाहर रतिराम ने अपनी कार में बैठकर दलाल ताराचंद से रिश्वत राशि ली ले. इसी दौरान एसीबी टीम ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया. ब्यूरो की टीम ने उनसे रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है. ब्यूरो की टीम पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है.
