AIIMS में फुल लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी

नई दिल्ली पिछले करीब 2 महीनों से AIIMS में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की हालत नाजुक है और उन्हें फुल लाइफ सपॉर्ट पर रखा गया है। AIIMS की तरफ से बुधवार देर रात जारी किए गए प्रेस रिलीज में बताया गया कि उनकी हालत पिछले 24 घंटों में और ज्यादा खराब हुई है। गुरुवार सुबह देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू पूर्व प्रधानमंत्री का हाल जानने पहुंचे। खबरों की मानें तो एम्स द्वारा 9 बजे बुलेटिन जारी किया जाएगा, जिसमें वाजपेयी की ताजा हालत के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने AIIMS पहुंचकर बीजेपी के शिखर पुरुष का हाल जाना। प्रधानमंत्री मोदी रात करीब सवा 7 बजे AIIMS पहुंचे। वह करीब 10 मिनट तक अस्पताल में रहे और वाजपेयी का इलाज कर रहे डॉक्टरों से मुलाकात कर पूर्व पीएम का हाल जाना। कपड़ा मंत्री स्मृति इरानी ने भी दोपहर में AIIMS पहुंचकर वाजपेयी का हाल जाना।
एम्स ने प्रेस रिलीज में बताया, 'पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पिछले 9 सप्ताह से AIIMS में भर्ती हैं। पिछले 24 घंटों में दुर्भाग्य से उनकी स्थिति और बिगड़ी है। उनकी हालत नाजुक है और वह लाइफ सपॉर्ट सिस्टम पर हैं।'
वाजपेयी को गुर्दा (किडनी) नली में संक्रमण, छाती में जकड़न, मूत्रनली में संक्रमण जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के बाद 11 जून को AIIMS में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया कि उनकी हालत गंभीर है। वह वेंटिलेटर सपॉर्ट पर रखे गए हैं और सीएन टावर स्थित आईसीयू में डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी हालत पर नजर रखी हुई है। मधुमेह के शिकार 93 वर्षीय BJP नेता का एक ही गुर्दा काम करता है। 2009 में उन्हें स्ट्रोक आया था जिसके बाद उनकी सोचने-समझने की क्षमता कमजोर हो गई। बाद में वह डिमेंशिया से भी पीड़ित हो गए। जैसे-जैसे उनकी सेहत गिरती गई, धीरे-धीरे उन्होंने खुद को सार्वजनिक जीवन से दूर कर लिया।
वाजपेयी 3 बार प्रधानमंत्री रहे। वह पहली बार 1996 में प्रधानमंत्री बने और उनकी सरकार सिर्फ 13 दिनों तक ही रह पाई। 1998 में वह दूसरी बार प्रधानमंत्री बने, तब उनकी सरकार 13 महीनों तक चली थी। 1999 में वाजपेयी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने और 5 सालों का कार्यकाल पूरा किया। 5 साल का पूर्ण कार्यकाल पूरा करने वाले वह पहले गैरकांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं।
