BJP सांसद ने काटा संसद की आकृति वाला केक, मचा बवाल
एससी आयोग के अध्यक्ष एवं सांसद रामशंकर कठेरिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। तहरीर राष्ट्रीय अपराध खुफिया ब्यूरो के पदाधिकारियों ने दी है।
आरोप है कि अपने जन्मदिन पर सांसद कठेरिया ने संसद की आकृति वाले राष्ट्रध्वज लगे केक को काटा। उस दौरान उनकी पत्नी पत्नी और समर्थक भी मौजूद थे।
शनिवार को राष्ट्रीय अपराध खुफिया ब्यूरो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल सिरोही, पवन समाधिया, अवधेश शुक्ला, पंकज गोयल आदि ने हरीपर्वत थाने में तहरीर दी थी। शुक्रवार को सांसद कठेरिया का जन्मदिन था। इसी दौरान केक काटा गया था। उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
तहरीर के साथ केक काटने की फोटो भी लगाई गई थी। हरीपर्वत पुलिस ने तहरीर न्यू आगरा थाने भेज दी। कहा कि खंदारी परिसर न्यू आगरा थाने में आता है। न्यू आगरा पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मिलेगी तो अधिकारियों के आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ सांसद कठेरिया के प्रवक्ता पार्षद शरद चौहान का कहना है कि केक समर्थक बनवाकर लाए थे। सांसद कठेरिया ने केक काटने से पहले झंडा ससम्मान हटाया था।
संसद की आकृति को हाथ से साधारण केक का रूप दिया था। उसके बाद केक काटा था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। लोग देख सकते हैं।