BSP संस्थापक कांशीराम की मौत से उठेगा पर्दा! योगी के मंत्री ने उठाई CBI जांच की मांग

13 साल बाद बसपा संस्थापक कांशीराम (BSP Founder Kanshiram) की मौत का मुद्दा एक बार फिर गरमाने लगा है. योगी सरकार (Yogi Government) में नवनियुक्त समाज कल्याण राज्यमंत्री जीएस धर्मेश (Minister GS Dharmesh) ने कांशीराम की मौत को संदिग्ध मानते हुए सीबीआई (CBI) जांच की मांग की है. आगरा के सर्किट हाउस में बुधवार को मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर मामले की जांच सीबीआई से कराने का अनुरोध करेंगे. यह बात उन्होंने कांशीराम की बहन सुवर्णा के उन आरोपों को आधार बताकर कहीं जिनमें वे कांशीराम की मौत को संदिग्‍ध बताकर जांच की मांग कर रही हैं.

कांशीराम की बहन ने लगाए हैं गंभीर आरोप

दरअसल कांशीराम का परिवार उनकी मौत के बाद से ही मायावती पर आरोप लगाता रहा है कि उन्हें बंधक बनाकर मार डाला गया. कांशीराम की बहन सुवर्णा का आरोप है कि मायावती उनके परिवार की दुश्मन नंबर वन हैं. उन्होंने मेरे भाई को जीवन के आख्रिरी समय में बंदी बनाकर मार डाला और परिवार को उनसे नहीं मिलने दिया. मेरी बुजुर्ग मां भी कांशीराम के वियोग में मर गईं. मायावती ने 2003 में कहा था कि, उनके पास कांशीराम के इलाज के लिए पैसे नहीं हैं तो मेरी मां ने तुरंत उन्हें अपने सोने के कंगन दे दिए थे. बीएसपी को मायावती ने लूट लिया है.
2006 में हुई थी कांशीराम की मौत

लगभग 13 साल बाद कांशीराम की मौत का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है. योगी सरकार के मंत्री ने बहन के आरोपों को आधार बनाकर मामले की सीबीआई जांच की मांग कर डाली है. उन्होंने कहा कांशीराम की मौत प्राकृतिक नहीं थी. उनका इलाज मायावती की देखरेख में हुआ था. कांशीराम की बहन कह रही है की मायावती ने उनकी हत्या की है. मैं सीएम योगी आदित्यनाथ से अपील करूंगा की मामले की जांच सीबीआई से करवाई जाए. कांशीराम का निधन 9 अक्टूबर 2006 को हुआ था.

Leave a Reply