Corona Vaccination के महा अभियान की महा मजबूरी, सिर्फ इन 6 राज्यों में आज से टीकाकरण

आज एक मई है और आज से पूरे देश में कोरोना टीकाकरण का महा अभियान शुरू होने जा रहा है. कोरोना टीकाकरण के तीसरे चरण में आज से 18 से 44 साल की उम्र के लोगों का भी टीकाकरण होना है. आज के टीकाकरण के लिए लगभग ढाई करोड़ लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया ह, लेकिन उन्हें वैक्सीन कहां मिलेगी, इसका पता नहीं है. इसकी वजह ये है कि टीका के अभाव में अधिकांश राज्यों ने पहले से ही एक मई से टीकाकरण अभियान शुरू करने को लेकर असमर्थता जाहिर की है. आज सिर्फ छह राज्यों में टीकाकरण शुरू हो रहा है, बाकी राज्यों ने पहले ही हाथ खड़े कर दिए हैं कि एक मई से प्रदेश में टीकाकरण नहीं करा सकेंगे.
इतना ही नहीं आज से 18 साल से ऊपर के लोगों के टीकाकरण के अलावे 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को मुफ्त में पहला या दूसरा डोज लेने के लिए भी अब नए वैक्सीनेशन सेंटर को ढूंढना मुश्किल हो रहा है.
इन राज्यों ने खड़े किए हाथ, सिर्फ छह राज्यों में आज होगा टीकाकरण
महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब तमिलनाडु सहित कई राज्यों में यह टीकाकरण अभियान रोका गया है. इन राज्यों की तरफ से कहा गया है कि वैक्सीन की कमी और पूरी तैयारी नहीं होने के साथ–साथ कई अन्य वजह के चलते 18+ के लिए टीकाकरण रोका जा रहा है. जिन राज्यों में आज से टीकाकरण शुरू हो रहा है वे हैं–यूपी, राजस्थान, गुजरात, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और असम ने कहा है कि आज से टीकाकरण शुरू करेंगे, लेकिन टीके की उपलब्धता यहां भी उतनी हो सकेगी या नहीं कहा नहीं जा सकता है.
टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने साधी चुप्पी
पहले की तरह टीकाकरण के हर चरण के शुरू होने के पहले जो स्वास्थ्य मंत्रालय लोगों को इसकी तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी देता था आज उसी स्वास्थ्य मंत्रालय ने तीसरे चरण की तैयारियों और टीकाकरण को लेकर चुप्पी साध ली है. शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेस में पूछे गए सवालों का स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है, तो ऐसे में आज हो रहे टीकाकरण में किसे टीका लगेगा, किसे नहीं, ये तो खुद लेनेवाले को भी पता नहीं.
कल हुए प्रेस कांफ्रेंस में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल यह भी नहीं बता सके कि किन–किन राज्यों में 18 से 44 साल के युवाओं का टीकाकरण शुरू होने जा रहा और अभी तक कितने लोगों को समय और स्थान अलॉट कर दिया गया है. वे यह भी बताने में विफल रहे कि एक मई को देश में टीके की कुल कितनी डोज उपलब्ध होगी, जिसमें से 50 फीसद राज्यों और निजी क्षेत्र को मिलनी है.
वैक्सीनेशन की मजबूरी
सचिव लव अग्रवाल ने सिर्फ इतना भरोसा दिया कि अगले कुछ दिनों में तीसरे चरण का टीकाकरण अभियान सुचारु रूप से चलने लगेगा. समस्या सिर्फ 18 से 44 साल के लोगों की ही नहीं है, बल्कि 45 साल से अधिक के लोगों की भी है. इन्हें केंद्र सरकार की ओर मुफ्त में वैक्सीन मिलनी है, लेकिन उन्हें भी कोविन प्लेटफार्म पर वैक्सीनेशन सेंटर नहीं मिल पा रहा है. इनमें से कई ऐसे भी हैं, जिन्हें मई के पहले हफ्ते में वैक्सीन की दूसरी डोज लगनी है.
केंद्र सरकार ने मुफ्त कोरोना टीका देने से किया इन्कार
दरअसल तीसरे चरण में केंद्र सरकार ने निजी टीकाकरण केंद्रों पर मुफ्त टीका देने से इन्कार कर दिया है और निजी केंद्रों को शुक्रवार तक बची हुए वैक्सीन की डोज वापस करनी होगी. निजी केंद्रों पर अब सिर्फ निजी क्षेत्र के लिए तय कीमत पर ही वैक्सीन मिल सकेगी या फिर राज्यों की ओर से उपलब्ध वैक्सीन मिलेगी. इसके लिए भी राज्यों को निजी केंद्रों को अपने सेंटर के रूप में कोविन पोर्टल पर पंजीकृत करना होगा.
