Delhi Legislative Assembly सुरक्षा मामला: सरबजीत को लेकर आज Punjab जाएगी पुलिस

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में वीवीआईपी गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए पीलीभीत निवासी सरबजीत सिंह से दिल्ली पुलिस की कई टीमें पूछताछ कर रही हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी टीम को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। हालांकि पुलिस के कुछ अधिकारी उसकी दी गई जानकारी को डायरी कर रहे हैं।

पुलिस के सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक टीम सरबजीत को लेकर पंजाब जाएगी। पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आनंदपुर साहिब पहुंचने के बाद आरोपी किस-किस से मिला। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि गिरफ्तारी के समय टीम को सरबजीत का फोन नहीं मिला है। उससे पूछा गया तो उसने बताया कि मोबाइल फोन  करनाल में अमन ढाबे के पास खो गया था। पुलिस की एक टीम बुधवार को सरबजीत के मोबाइल की तलाश में गई लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सीडीआर की पड़ताल में पता चला है कि पंजाब से लौटते समय अंबाला में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था। पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वाकई में गलती से फोन खो गया या जानबूझकर सूचनाएं छिपाने के लिए उसने मोबाइल को गायब कर दिया है। 

पुलिस टीम सरबजीत का पिछला रिकॉर्ड देखते हुए टेरर एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। उत्तरी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सरबजीत के साथ पकड़े गए दोनों टैक्सी चालक नरेश, हरीश को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। छानबीन में पता चला है कि आरोपी ने रास्ता न पता होने की बात कर दोनों को गुमराह कर अपने साथ गाड़ी में बैठाया था। 

टेरर एंगल की हो रही पड़ताल

मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी सरबजीत के पुराने रिकॉर्ड और किसान आंदोलन में उसकी सक्रियता को देखते हुए पुलिस की टीम टेरर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। उसके पिछले कुछ साल के बैंक खातों की पड़ताल की जा रही है। इस बात का पता करने का प्रयास किया जा रहा है बैंक खाते में पैसे कहां से आए। सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल कर इस बात का भी पता किया जा रहा है कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था। उसकी लगातार किन लोगों से बातचीत होती थी। इसके लिए टीम पीलीभीत जाकर भी उसके परिजनों व बाकी लोगों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply