GST नंबर के बदले पचास हजार रिश्वत मांग रहा था ईटीओ, व्यापारी ने ऐसे सिखाया सबक

 

 विजीलेंस विंग ने जीएसटी विभाग के ईटीओ को पचास हजार रुपए रिश्वत लेते हुए काबू किया है। उसने धागे का काम करने वाले एक व्यापारी की कंपनी का जीएसटी नंबर रद्द करने का नोटिस जारी किया था, जब वह इस संबंधी बात करने के लिए अधिकारी के पास पहुंचा तो उसने रिश्वत की मांग की थी, जिसे उसके कार्यालय से ही रिश्वत लेते हुए काबू किया गया है। 

जानकारी देते हुए परमजीत सिंह विर्क एसएसपी विजीलेंस विंग ने बताया कि उन्हें उमेश कुमार नामक व्यक्ति ने जानकारी दी थी कि उनकी उमेश सपीनिंग प्राइवेट लिम. नाम से फर्म है, जिसमें वह धागे का काम करते हैं। ईटीओ जीएसटी विभाग अमरदीप सिंह ने दीपावली से पहले उनकी फर्म का जीएसटी नंबर रद्द कर दिया था, जिस संबंधी उनकी ओर से डिप्टी एक्साइज एवं टेक्टेशन कमिश्नर पटियाला के पास इसकी शिकायत की थी। इसके बाद उनकी ओर से दोनों पक्षों से सुनने के लिए बुलाया था। उनकी बूढेवाल में एक अन्य फर्म है, जिसमें पिछले कुछ समय से उत्पादन नहीं हो रहा था, इसका जीएसटी नंबर रद्द करने का भी नोटिस ईटिओ की ओर से उन्हें दिया था, जिस संबंधी जब वह बात करने पहुंचे तो ईटीओ ने उससे पचास हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। उसकी ओर से इस संबंधी विजीलेंस में शिकायत दी गई तो पुलिस ने ट्रैप लगाकर अमरदीप सिंह को उसके डिवीजन नंबर-3 के कार्यालय से काबू कर उससे रिश्वत के पचास हजार रुपए भी बरामद कर लिए हैं। 

Leave a Reply