दिल्ली-NCR में लोगों को उमस भरी गर्मी का करना पड़ेगा सामना, अच्छी वर्षा होने के आसार नहीं….

मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच सप्ताह भर तक दिल्ली में बादलों की आवाजाही भले बनी रहेगी, लेकिन अच्छी वर्षा होने के आसार नहीं हैं। इससे गर्मी बढ़ेगी। 30-31 अगस्त तक अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान लोगों को खासी उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। बृहस्पतिवार को सुबह ही धूप खिल गई थी। दिन चढ़ने के साथ यह और तीखी होती गई। यह बात अलग है कि बुधवार को रुक-रुककर दिनभर चली हल्की वर्षा का असर बरकरार रहने से अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।

गुरुवार को कितना रहा तापमान?

दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 97 से 64 प्रतिशत तक रिकॉर्ड किया गया।

सामान्य से आधी बारिश भी नहीं हुई अभी तक

दिल्ली में जुलाई के दौरान सामान्य से 83 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई थी, लेकिन अगस्त में अभी तक सामान्य से आधी बारिश भी नहीं हुई है। माह के शेष बचे दिनों में भी अच्छी वर्षा की उम्मीद नहीं है। आमतौर पर अगस्त में अभी तक 191.1 मिमी वर्षा हो जानी चाहिए, लेकिन अभी तक सिर्फ 91.8 मिमी वर्षा हुई है। वहीं, बृहस्पतिवार को दिल्ली की हवा भी ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही।

Leave a Reply