Jonny Bairstow: इंग्लैंड लायंस नहीं, परिवार के साथ दुबई में फंसे बेयरस्टो? सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, जानें

इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो दुबई में अपने परिवार के साथ फंस गए हैं। क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात से उड़ानों का संचालन अस्थाई रूप से रोक दिया गया है, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं।

मिसाइल हमलों के बाद बिगड़े हालात

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान द्वारा किए गए हमलों के बाद सुरक्षा स्थिति अचानक गंभीर हो गई। इन हमलों को तेहरान में इस्राइल और अमेरिका के संयुक्त अभियान के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालात इतने संवेदनशील हो गए कि कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जिनमें बेयरस्टो की वापसी की फ्लाइट भी शामिल थी। 36 वर्षीय बेयरस्टो छुट्टियां मनाने परिवार के साथ दुबई गए थे, लेकिन मौजूदा संकट ने उनकी वापसी की योजना पर रोक लगा दी।

सोशल मीडिया पर मदद की अपील

बेयरस्टो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्थिति स्पष्ट करते हुए लिखा, 'जो लोग कह रहे हैं कि मैं इंग्लैंड लायंस टीम के साथ हूं, ऐसा नहीं है। मैं दुबई में अपने परिवार के साथ हूं। मैं अपने परिवार को सुरक्षित रखने और हमें यहां से निकालने की कोशिश कर रहा हूं।' उन्होंने एयरलाइन से भी सार्वजनिक रूप से संपर्क करने की कोशिश की। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'फ्लाइट कैंसिल होने के बाद हमसे कोई बातचीत नहीं हुई है। कृपया क्या कोई संपर्क कर सकता है?' इतना ही नहीं, उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को टैग करते हुए सवाल किया, 'क्या आप हमें घर पहुंचा सकते हैं?' इससे पहले सोमवार को मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि बेयरस्टो इंग्लैंड लायंस टीम के कोच के तौर पर यूएई पहुंचे हैं और फंस गए हैं। हालांकि, अब खुद बेयरस्टो ने कोच वाली बात का खंडन किया है।

यूके की ट्रैवल एडवाइजरी में बदलाव

बढ़ते खतरे को देखते हुए ब्रिटेन के फॉरेन ऑफिस ने यूएई के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी अपडेट की है। एडवाइजरी में कहा गया है, 'मिसाइल हमलों की रिपोर्ट के कारण, यूएई में मौजूद ब्रिटिश नागरिक तुरंत सुरक्षित स्थान पर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।' इस चेतावनी के बाद वहां मौजूद विदेशी नागरिकों में चिंता और बढ़ गई है।

क्रिकेट कार्यक्रम भी प्रभावित

क्षेत्रीय अस्थिरता का असर क्रिकेट कार्यक्रमों पर भी पड़ा है। इंग्लैंड लायंस ने अबू धाबी में पाकिस्तान शाहीन्स के खिलाफ निर्धारित मैच रद्द कर दिया है। वहीं, इंग्लैंड महिला टीम ने अपना ट्रेनिंग कैंप स्थगित कर दिया है। इंग्लैंड की पुरुष टीम, जो भारत में टी20 विश्व कप से लौटी है, वह भी हालात पर नजर बनाए हुए है क्योंकि उनकी यात्रा दुबई से होकर गुजरनी थी। वहीं, बेयरस्टो की चिंता साफ है और वह परिवार की सुरक्षा चाहते हैं। मौजूदा हालात में उनकी प्राथमिकता सुरक्षित घर वापसी है। जब तक उड़ान सेवाएं बहाल नहीं होतीं, तब तक वह दुबई में ही फंसे रहेंगे।
 

Leave a Reply