गिरिडीह में बड़ा हादसा टला! स्कूल वैन सीधे गड्ढे में जा समाई, 3 बच्चे लहूलुहान; इलाके में हड़कंप

Giridih School Van Accident: गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तिसरी स्थित गांधी मैदान के सामने उज्ज्वल पब्लिक स्कूल की एक स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। वैन में स्कूल के छात्र सवार थे, जिनमें से तीन बच्चे घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, गांधी मैदान से बूटबरिया गांव तक हाल ही में सड़क निर्माण कराया गया है, लेकिन सड़क के दोनों ओर फ्लैंक यानी किनारे की मिट्टी नहीं भरी गई है। इसी वजह से यह मार्ग बेहद संकरा और खतरनाक बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण इस सड़क पर आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बताया जा रहा है कि स्कूल वैन बूटबरिया गांव से बच्चों को लेकर तिसरी स्थित उज्ज्वल पब्लिक स्कूल की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन गांधी मैदान के पास पहुंचा, सड़क के किनारे संतुलन बिगड़ने से वैन अचानक अनियंत्रित हो गई और गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
तिसरी निवासी नजिम खान ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले स्कूल वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायल बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।
हालांकि, स्कूल वैन के अनियंत्रित होने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के दोनों ओर जल्द से जल्द फ्लैंक भरा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
