MCD चुनाव भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे तीन निगम पार्षदों को किया बाहर

दिल्ली| दिल्लीभाजपा ने भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे अपने तीन निगम पार्षदों को 6 साल के लिए पार्टी की सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। भाजपा के इस कदम को अगले साल होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनावों (MCD Elections) से पहले पार्टी में सफाई अभियान के रूप में देखा जा रहा है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता की ओर से रविवार को जारी किए गए आदेश के अनुसार, तीन निगम पार्षदों संजय ठाकुर, रजनी पांडेय और पूजा मदान को उनके खिलाफ बढ़ रही भ्रष्टाचार की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तुरंत प्रभाव से 6 साल के लिए भाजपा की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है।
संजय ठाकुर दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत आने वाले सहदुलजाब वार्ड से पार्षद हैं। रजनी बब्लू पांडेय न्यू अशोक नगर वार्ड से पार्षद हैं, जो कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के तहत आता है। पूजा मदान उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मुखर्जी नगर वार्ड का प्रतिनिधित्व करती हैं।
आदेश गुप्ता की ओर से तीनों निगम पार्षदों को भेजे गए पत्र में गया है कि आपको यह सूचित किया जाता है कि आपके खिलाफ जनता की अत्याधिक आर्थिक भ्रष्टाचार की शिकायतों के कारण आपको 6 साल के लिए भारतीय जनता पार्टी की साधारण सदस्यता से निलंबित किया जाता है। आपको अनेक बार इस बारे में अवगत करा कर अपने भ्रष्टाचारी व्यवहार को ठीक करने के लिए कहा गया, लेकिन आपके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। अत: आपको तुरंत प्रभाव से 6 साल के लिए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता से निष्कासित किया जाता है।
